Dainik Athah

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह- संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह बतायेंगे कैसे होगा संगठन का काम

भाजपा की क्षेत्रीय बैठक आज गाजियाबाद में

बैठक में होगी सभी जिलों के कामकाज की समीक्षा

बैठक से पहले भूपेंद्र सिंह- धर्मपाल सिंह का होगा जोरदार स्वागत

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी की क्षेत्रीय बैठक गुरुवार को गाजियाबाद में होगी। इस बैठक में प्रदेश के नव नियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह पार्टी के जिला- महानगर अध्यक्षों के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों को भविष्य के लिए निर्देश देंगे।

उत्तर प्रदेश में कोई भी चुनाव हो उसका आगाज पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होता है। इसी प्रकार भाजपा भी अपनी पहली बैठक पश्चिमी उत्तर प्रदेश वह भी गाजियाबाद से कर रही है। यहीं कारण है कि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह एवं महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह गुरुवार को गाजियाबाद में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय बैठक करेंगे। इस बैठक में भाजपा के सभी जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल एवं सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी तथा मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री के कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह पहली सांगठनिक बैठक है। इस बैठक में दोनों ही पदाधिकारी अपनी मंशा स्पष्ट करेंगे तथा बतायेंगे कि भविष्य में किस प्रकार से संगठन का काम होना है। इस बैठक में जो निर्देश दिये जायेंगे उसी प्रकार के निर्देश प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की बैठक में भी दिये जायेंगे।

महानगर भाजपा करेगी भूपेंद्र सिंह- धर्मपाल सिंह का भव्य स्वागत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र सिंह पहली बार गाजियाबाद आ रहे हैं। इस मौके पर महानगर भाजपा उनका एवं धर्मपाल सिंह का भव्य स्वागत करेगी। महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे यूपी गेट स्थित रेडिसन होटल के बाहर भाजपा के महानगर कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश के संगठन महामंत्री के जोरदार स्वागत की तैयारी की गई है। यूपी गेट से लेकर वैशाली के होटल आर्नेट तक जगह जगह स्वागत में होर्डिंग लगाये गये हैं। इस मौके पर सभी विधायक भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *