Dainik Athah

निकाय एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में 100 फीसद लक्ष्य हासिल करेंगे: भूपेंद्र सिंह

भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने ग्रहण किया कार्यभार

सरकार और संगठन मिलकर एक बार फिर प्रदेश को भाजपामय बनाएंगे: योगी आदित्यनाथ

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, केन्द्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी, केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, पंकज चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने भूपेन्द्र सिंह का स्वागत किया। पार्टी मुख्यालय पर आयोजित स्वागत व अभिनंदन समारोह में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों व क्षेत्रीय अध्यक्षों ने पटका पहनाकर फूल-माला व स्मृति चिन्ह देकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर आयोजित अपने स्वागत समारोह में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह भाजपा की संगठनात्मक ताकत ही है जो मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को केन्द्रीय नेतृत्व ने देश के सबसे बडे़ प्रदेश की संगठनात्मक बागडोर सौंपी है।

उन्होंने केंन्द्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा से जुडे लोगो का राष्ट्रवादी समूह है। मैं पार्टी का जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष रहा और अब प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन करूंगा। प्रत्येक व्यक्ति को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित कराना और अराजकता, गुण्डागर्दी व भ्रष्टाचार को समाप्त करना भाजपा का एजेंडा है इसी ऐजेण्डे पर सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पार्टी की प्रतिबद्धता के अनुरूप ही धारा 370 हटाई और राम मंदिर का निर्माण कार्य भी प्रशस्त हुआ। सरकार समाज कोे सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक रूप से प्रबल करने का काम कर रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार से पहले अराजकता थी, रंगदारी, सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार था, बिजली नही आती थी। हमारी सरकार ने काम किया। 35 वर्ष के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा ने सरकार बनाई है। योगी आदित्यनाथ प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री है जो पांच वर्ष के कार्यकाल के बाद पुन: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने है।

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कभी भाजपा के बारे में कहा जाता था कि यह व्यापारियों की पार्टी है, उत्तर भारत की व हिन्दी भाषियों की पार्टी है। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भाजपा का व्यापक जनाधार है। आज सबसे अधिक ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष, विधायक, सांसद, मेयर, नगरपालिकायों के अध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ता हैं। भाजपा में तपस्वी कार्यकर्ता और अपनी विचारधारा के लिए आँख बंद करके काम करने वाले लोग हैं। पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित करने वाले लोग भाजपा के अतिरिक्त किसी दल में नहीं है। इन्हीं तपस्वियों के त्याग का परिणाम है कि आज हम हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व ने जो अपेक्षा मुझसे की है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि सबके साथ मिलकर व सबको साथ लेकर काम करेंगे। कार्यकर्ता के ऐजेण्डे के आधार पर संगठनात्मक कार्य होगा। आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने का काम करेंगे। हम आगामी नगर निकाय चुनाव तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सफलता के मंत्र के साथ सभी लक्ष्य पूर्ण करेंगे।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह को शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि सरकार और संगठन मिलकर एक बार फिर प्रदेश को भाजपामय बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटें जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह के संगठन और सरकार में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार और संगठन के बीच में बेहतर समन्वय बनाने में सफल होंगे। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की क्षमता और योग्यता रखने वाले चौधरी भूपेंद्र सिंह को प्रदेश का हर कार्यकर्ता जानता है। उनके संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखकर ही पार्टी ने उन्हें दो बार पश्चिमी क्षेत्र का अध्यक्ष बनाकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें दी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्ष छह माह में चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सरकार में पहले स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री के रूप में और बाद में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया, जो अपने आप एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने प्रदेश में पिछले वर्ष संपन्न हुए पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। हमारे पास 18 कमीश्नरी, 75 जनपद, 826 विकासखंड, तीन हजार से ज्यादा न्याय पंचायतें, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें और एक लाख 10 हजार से अधिक राजस्व गांव हैं। भूपेंद्र सिंह के पंचायती राज्य मंत्री के रहते हुए संपन्न हुए पंचायत चुनाव में प्रदेश के 67 जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष, 650 विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख और अधिकांश ग्राम पंचायतों में पार्टी के कार्यकर्ता ही प्रधान के पद पर निर्वाचित हुए।

उन्होंने भाजपा के नये प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के अंदर सभी क्षेत्रों में इन्हें लंबे समय तक कार्य करने का अनुभव है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में अलग-अलग क्षेत्रों और प्रांतों में कार्य किया है। साथ ही पार्टी के संगठन महामंत्री के रूप में झारखंड जैसे प्रदेश में भी धरमपाल सिंह के पास कार्य करने का एक लंबा अनुभव है। यही कारण है कि आज वह सभी कार्यकतार्ओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठनात्मक रूप से अपने मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करता है।

उन्होंने कहा कि हम अपने निवर्तमान अध्यक्ष को स्वतंत्र नहीं होने देंगे। तीन वर्ष तीन माह तक उन्होंने प्रदेश भाजपा का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र देव सिंह ने कहा था कि पार्टी का सिद्धांत है एक व्यक्ति, एक पद और इसी सिद्धांत का पालन करते हुए मैं अध्यक्ष पद से मुक्त होना चाहता हूं। स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में भी मेरे साथ काम किया था और परिवहन मंत्री के रूप में उनके कार्य को मैंने देखा है कि मंत्री रहते वक्त वो नई-नई चीजों को ढूंढ़ कर लाते थे।

स्वतंत्र देव सिंह ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह को पार्टी का जमींनी कार्यकर्ता बताते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाऐं दी। उन्होंने कहा भूपेन्द्र सिंह के रूप में एक कर्तव्यनिष्ठ, परिश्रमी कप्तान मिला है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा मुझे पूर्ण विश्वास है कि नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *