Dainik Athah

जन प्रतिनिधियों- भाजपा पदाधिकारियों संग बैठक से फीड बैक लेंगे योगी

मेरठ- हापुड़ के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री पहुंचे गाजियाबाद

तीन परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण, बुलंदशहर जिले में भी करेंगे निरीक्षण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मेरठ मंडल दौरे एवं निरीक्षण के लिए गाजियाबाद पहुंच चुके हैं। मेरठ एवं हापुड़ दौरे के बाद वे कल तक यहीं पर रहेंगे। वे शनिवार को गाजियाबाद में तीन परियोजनाओं का निरीक्षण करने के साथ ही जन प्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

मुख्यमंत्री दो दिन के दौरे पर शुक्रवार को गाजियाबाद पहुंच गये। सुबह वे हिंडन हवाई अड्डा पहुंचने के बाद मेरठ के लिए रवाना हो गये। मेरठ एवं हापुड़ के कार्यक्रमों के बाद वे शाम को फिर गाजियाबाद पहुंच गये। उनका रात्रि विश्राम भी प्रताप विहार स्थित जल निगम गेस्ट हाऊस है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार को सुबह यहीं पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह दस बजे भाजपा विधायकों, सांसदों, जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ भाजपा के जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में वे जिले में विकास एवं कानून व्यवस्था के संबंध में फीड बैक प्राप्त करेंगे। यह बैठक करीब एक घंटा चलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ही जिले में तीन विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। समाचार लिखे जाने तक कौन से तीन स्थान है इसके संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि सूत्र बताते हैं कि वे प्रताप विहार में प्रधानमंत्री आवास योजना, हिंडन पुल एवं 41 वीं वाहिनी पीएसी में बन रही बैरक का निरीक्षण करेंंगे। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हिंडन नदी पर बन रहे पुल के साथ ही दोनों पीएसी में से किसी एक में बैरक का निरीक्षण करेंगे।

नगर निगम की हिंडन विहार स्थित गारबेज फैक्ट्री का भी कर सकते हैं निरीक्षण

सूत्र बताते हैं कि नगर निगम आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने मुख्यमंत्री के समक्ष गारबेज फैक्ट्री के निरीक्षण का प्रस्ताव रखा है। यह हिंडन विहार में स्थित है। यहां पर कूड़े का डिस्पोजल किया जाता है। इसके साथ ही यहीं पर नगर निगम का सीएंडडीएस प्लांट भी है। कुछ अन्य योजनाएं भी यहां पर संचालित है।

बुलंदशहर से वापस आयेंगे गाजियाबाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में गाजियाबाद से बुलंदशहर जायेंगे। वहां पर निरीक्षण करने के बाद वे शाम को करीब छह बजे हिंडन पहुंचेंगे इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जायेंगे।

विधायकों ने कहा हम तो शनिवार को ही बात कर लेंगे

शुक्रवार को मेरठ मंडल की विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में जब गाजियाबाद जिले के विधायकों का नंबर आया तो उन्होंने कहा कि आप कल गाजियाबाद में रहेंगे। उसी बैठक में अपनी बात कह लेंगे। इसको लेकर अधिकारियों में बेचैनी है कि विधायक क्या मुद्दा उठाने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *