Dainik Athah

मोदीनगर से मेरठ तिराहे तक विधायक से लेकर अफसरों ने बरसाये फूल

गाजियाबाद जिले में जमकर हो रही भोले के भक्तों पर पुष्प वर्षा

मुरादनगर में विधायक अजीत पाल त्यागी

मोदीनगर में विधायक डा. मंजू शिवाच, चेयरमैन अशोक माहेश्वरी

गाजियाबाद में सिविल डिफेंस, पुलिस- प्रशासनिक अफसरों ने जमकर बरसाये फूल

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
दो वर्ष बाद निकल रही कांवड़ यात्रा में इस बार गाजियाबाद जिले में शिव के भक्तों का अभूतपूर्व स्वागत किया जा रहा है। स्वागत करने वालों में जहां जोश हिलौरे ले रहा है, वहीं कांवड़िये भी पूरे रास्ते हो रहे हो इस अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत हैं। जिस प्रकार इस बार भोले के भक्तों पर कदम कदम पर पुष्प वर्षा हो रही है वह एक इतिहास बन रहा है। स्वागत में आम लोगों से लेकर चेयरमैन, विधायक, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी जुटे हैं।

अजीत पाल त्यागी ने बरसाये फूल

दो वर्ष बाद कांवड़ यात्रा के कारण जहां भोले के भक्तों में भारी उत्साह है, वहीं दूसरी तरफ कांवड़ सेवा शिविर लगाने वालों एवं स्वागत करने में कांवड़ियों को देखने के साथ ही उत्साह देखने लायक होता है। मुरादनगर में रविवार को विधायक अजीत पाल त्यागी के नेतृत्व में शिवभक्तों पर आर्डिनेंस फैक्ट्री गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा की। इस दौरान हर हर महादेव के नारों से आसमान गूंज उठा। इस दौरान करीब दो क्विंटल फूल बरसाये गये। यहां पर अजीत पाल त्यागी के साथ ही मुरादनगर मंडल अध्यक्ष नितिन गोयल, सभासद सोनू त्यागी, तरुण भारद्वाज, लोकेश जाटव, सोनू बंदीपुर, मोहित त्यागी, ऊषा चौधरी, लिलि अग्रवाल, जयवीर त्यागी, मोनू त्यागी समेत अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

चेयरमैन- विधायक ने की पुष्प वर्षा

मोदीनगर में आम नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही नगर पालिका चेयरमैन अशोक माहेश्वरी, विधायक डा. मंजू शिवाच तीन दिन से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर रहे हैं। उनके साथ एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एसडीएम शुभांगी शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग पुष्प वर्षा कर रहे हैं। इनके साथ नगर पालिका के सभी कर्मचारी एवं शहर के लोग भी शामिल थे।

एडीएम- एसडीएम ने फूलों से किया स्वागत

मुरादनगर गंग नहर पर ही रविवार को एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह, ईओ मुरादनगर अभिषेक ने भी अन्य कर्मचारियों के साथ शिव भक्तों पर फूलों की बरसात की।

सिविल डिफेंस ने अफसरों के साथ मिलकर बरसाये फूल

हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़िया अपने शिवालयों की तरफ कदम से कदम से मिलाकर भोले का नाम जपते बढ़ रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद यह पहला मौका है जब श्रद्धालुओं में कांवड़ यात्रा को लेकर इतना उत्साह नजर आ रहा है। कोरोना के चलते करीब दो साल बाद उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को इजाजत मिली तो सड़कों पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं पश्चिमी यूपी के शहरों से हर रोज लाखों कांवड़िए गुजर रहे हैं। कोई हरिद्वार से वापस लौट रहा है, तो कोई पवित्र जल लेने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहा है।

खास बात यह है कि ऐसे में सड़कों पर शिव भक्तों की अद्भुत तस्वीरें भी देखने को मिल रही हैं। जिन्हें देखने के लिए रोजाना शाम में सड़कों पर मेला लगा रहता है। सड़कों पर उमड़े भक्तों के हुजूम का उत्साह बढ़ाने के लिए रविवार को सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल की ओर से मेरठ रोड तिराहे पर शिवभक्त कावड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। सैकड़ों की संख्या में जमा लोगों ने ही नहीं बल्कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह वर्धन किया।

भगवा रंग के बीच देशभक्ति का जज्बा लिए शिव भक्तों ने कारगिल विजय दिवस की शानदार झांकी निकाली। तरह-तरह की झांकियां लिए कांवड़िए सरपट दौड़े चले जा रहे हैं। कांवड़ मेला का नजारा देखने के लिए हजारों महिला पुरुष बच्चे मेरठ रोड सड़क किनारे देर रात तक जमा रहते हैं। हर हर महादेव बम भोले के जयघोष से पूरा मेरठ रोड का वातावरण शिवमय हो रहा है रंग बिरंगी कांवड़ लिए महिला पुरुष बच्चे अपने गंतव्य की ओर कदमताल चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *