Dainik Athah

भगवा संग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा एनएच 58

भगवाधारी कांवड़ियों के साथ मिलकर पुलिस- प्रशासन ने निकाली तिरंगा यात्रा

मेरा रंग दे बसंती चौला पर जमकर थिरके भोले के भक्त

मुरादनगर में निकाली गई तिरंगा यात्रा, कांवड़ियों संग शहर के लोगों ने लिया भाग

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/ मुरादनगर।
इस समय हरिद्वार से लेकर पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही क्यों समूचा प्रदेश भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है। ऐसा हो भी क्यों न जब श्रावण मास चल रहा है और मंगलवार को श्रावण शिवरात्रि हो तो भगवान शिव की आराधना करने के लिए भी मन हिलौरे ले रहा है। ऐसे में शिवभक्त कांवड़िये भला कैसे पीछे रहते। सोमवार को जब पुलिस- प्रशासन ने एनएच 58 पर मुरादनगर में तिरंगा यात्रा निकाली तो तिरंगा हाथ में लेकर भोले के भक्त मेरा रंग दे बसंती चौला गीत पर थिरकने से खुद को रोक नहीं सके।

मंगलवार को कांवड़ यात्रा का अंतिम दिन है। इससे एक दिन पूर्व जब सीओ सदर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने एसएसपी मुनिराज जी एवं एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा के समक्ष तिरंगा यात्रा का प्रस्ताव रखा तो इन अधिकारियों ने प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया। सोमवार को गंग नहर मुरादनगर पर एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा एवं एएसपी आकाश पटेल, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह पहुंच गये। इसके बाद हाथों में देश की शान एवं राष्ट्र भक्ति के प्रतीक तिरंगे को लेकर तीनों अधिकारी आगे चले। उनके पीछे हजारों के संख्या में शिवभक्त कांवड़िये भी तिरंगा अपने हाथों में थामे चल रहे थे।

जैसे ही डीजे पर मेरा रंग दे बसंती चौला गीत बजा तो भगवा के साथ तिरंगे रंग में रंगे भोले के भक्त अपने पैरों को थिरकने से नहीं रोक सके। हाथों में तिरंगा, शरीर पर भगवा कपड़े लिये शिवभक्तों का जोश देखने लायक था। पूरा मुरादनगर जैसे देश भक्ति एवं भगवा के रंग में डूब गया। जो लोग इस यात्रा को देख रहे थे उनका भी राष्ट्र प्रेम नारों एवं पैरों की थिरकन के साथ उजागर हो रहा था। रास्ते में अनेक स्थानों पर तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत भी किया गया। पुलिस की इस पहल की सर्वत्र सराहना भी हो रही है।

इसके बाद दोपहर के समय गाजियाबाद शहर में मेरठ तिराहा पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी मुनिराज जी के नेतृत्व में कांवड़ियों संग तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुरादनगर की तरह ही गाजियाबाद की तिरंगा यात्रा में कांवड़ियों के साथ ही आम लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। इस दौरान एनएच 58 पर जहां धर्म का भगवा रंग सड़कों पर नजर आ रहा था, वहीं तिरंगा हाथ में लिए जब डीएम- एसएसपी के साथ आम लोगों की भीड़ उमड़ी तो स्वतंत्रता दिवस से 20 दिन पूर्व ही ऐसा लगने लगा था कि जैसे स्वतंत्रता दिवस आज हो।

इस मौके पर मुख्य रूप से एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, शहर के सभी सीओ, एडीएम सिटी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसके साथ ही सीओ इंदिरापुराम अभय मिश्रा ने भी कांवड़ियों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *