Dainik Athah

‘योगी’ के शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा

भाजपा ने शुरू की योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की तैयारी

प्रदेश के हर जिले, मंडल एवं शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं की होगी उपस्थिति

नगर पालिका चेयरमैन से लेकर सांसदों तक रहेंगे मौजूद

साधु- संत, इंजीनियर, डॉक्टर भी होंगे शामिल

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री के दूसरे कार्यकाल के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ ही शासन- प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी है। भाजपा इस बार के शपथ ग्रहण को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुट गई है। यहीं कारण है कि शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर सांसदों तक को शपथ ग्रहण में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं। इतना ही नहीं साधु- संतों से लेकर प्रोफेशनल, डॉक्टर्स, इंजीनियरों तक को इसके लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसके लिए तैयारियां तेजी से की जा रही है।

योगी आदित्यनाथ के दूसरे मुख्यमंत्री कार्यकाल के साथ ही मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण 25 मार्च को शाम चार बजे लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा। इस शपथ ग्रहण के गवाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही भाजपा के अनेक राष्टÑीय स्तर के पदाधिकारी भी शपथ ग्रहण में उपस्थित रहेंगे। भाजपा इस शपथग्रहण को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर रही है। इसके लिए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने सभी क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ ही जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्षों को पत्र भेजा है।

इस पत्र में उन्होंने कहा कि 25 मार्च को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को दोपहर बाद होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम व उत्तर प्रदेश की आम जनता के भरपूर सहयोग से भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। असंख्य कार्यकर्ता, समर्थक एवं अन्य गणमान्य इस शपथ ग्रहण समारोह के शाक्षी बनना चाहते हैं।

संगठन- विधायक करेंगे वाहनों की व्यवस्था

इसके साथ ही निर्देश दिये गये कि प्रदेश के सभी जिलों के प्रत्येक मंडल व शक्ति केंद्र तक के कार्यकर्ता शपथ ग्रहण में पहुंचे। जिलाध्यक्षों से कहा गया है कि वे कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर संख्या निर्धारित करें। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि आवश्यकता हो तो आने- जाने के लिए वाहन की व्यवस्था विधायक, सांसद एवं संगठन द्वारा की जाये। इसके साथ ही अपने व्यक्तिगत वाहनों से भी कार्यकर्ता आयें। निर्देश के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र से दो कार्यकर्ता 24 मार्च तक लखनऊ पहुंचे।

नगर पालिका चेयरमैन से लेकर सांसद तक रहेंगे उपस्थित

प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले के जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, चेयरमैन एवं ब्लाक प्रमुख की सूची बनाकर अलग से लखनऊ भेजें। शपथ ग्रहण समारोह में जाने वाले जन प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए आमंत्रण कार्ड, प्रवेश पत्र की व्यवस्था की जायेगी। इसको जिलों से ही देकर भेजना है। इसके साथ ही निर्देश दिये गये कि सभी गाड़ियों पर पार्टी का झंडा अवश्य लगाया जाये।

शपथ ग्रहण के दिन सजेंगे बाजार- मंदिरों में होगा पूजन

शपथ ग्रहण के दिन पूरे प्रदेश में प्रमुख चौराहों, बाजारों में होर्डिंग लगाकर साज सज्जा की जायेगी। इसके साथ ही सुबह आठ से दस बजे तक शक्ति केंद्र (मतदान केंद्र) स्तर पर कार्यकर्ता मंदिरों में लोक कल्याण के लिए पूजन कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

संतों के साथ ही हर वर्ग के प्रमुख लोग आमंत्रित किये जायेंगे शपथ ग्रहण समारोह में

जिलों में सामाजिक वर्ग के प्रमुख नेताओं के साथ ही समाजसेवी, लेखक- साहित्यकार, प्रोफेशनल, डॉक्टर, इंजीनियर, धार्मिक मठ- मंदिरों के साधू संतों की सूची बनाकर उन्हें भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जायेगा। जिलाध्यक्षों से हर जिले की सूची भी मांगी गई है। इसके साथ ही विस्तारक एवं प्रवासी कार्यकर्ताओं को शपथ ग्रहण की सूचना प्रदेश से दी जायेगी।

प्रदेश नेतृत्व ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की सूची मांगी है। सूची मंगलवार शाम तक प्रेषित कर दी जायेगी। कार्यकर्ताओं से भी सलाह ली जा रही है। गाजियाबाद जिले से करीब दो सौ कार्यकर्ताओं के लखनऊ जाने की उम्मीद है।

दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष गाजियाबाद

भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मंगलवार को कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई है। बैठक में ही उन कार्यकर्ताओं के नामों की सूची तैयार की जायेगी जिन्हें शपथ ग्रहण समारोह में लखनऊ जाना है। इसके साथ ही सभी वर्गों की सूची भी तैयार कर भेजी जायेगी।

संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *