Dainik Athah

यूपी में फिर योगी राज- सही साबित हुए अधिकांश एक्जिट पोल, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में भगवा लहर बरकरार

अथाह ब्यूरो
लखनऊ/ नई दिल्ली।
न तो पूर्वानुमान ध्वस्त हुए, न इस बार एक्जिट पोल की विश्वसनीयता पर संकट खड़ा हुआ। जैसे पूर्वानुमान थे एवं एक्जिट पोल थे उत्तर प्रदेश में भाजपा ने उससे भी ज्यादा सीटें हासिल की। इसके साथ ही एक बार फिर योगी राज की नींव यूपी जैसे विशाल राज्य में पड़ गई। भाजपा 275 सीटों के लक्ष्य की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। बाबा यानि गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के सिर फिर से यूपी के मुख्यमंत्री का ताज एक प्रकार से बंध गया। इसके साथ ही देश के चार अन्य राज्यों उत्तराखंड, गोवा एवं मणिपुर की जनता ने भी भगवा दल के प्रति अपनी आस्था जताई है।

यदि यूपी की बात करें तो समाचार लिखे जाने तक 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 213 सीटें जीत ली है, जबकि 62 सीटों पर वह आगे चल रही है। इस प्रकार भाजपा पौने तीन सौ सीटें जीतने के लक्ष्य की तरफ तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सीट पर एक लाख दो हजार मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की है। हालांकि प्रदेश सरकार के बड़े चेहरे गन्ना मंत्री सुरेश राणा थाना भवन से, मंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ ही संगीत सोम चुनाव हार गये। हस्तिनापुर में दिनेश खटीक अपनी सीट बचा पाने में सफल रहे हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान समाजवादी पार्टी से उम्मीद थी कि वह 150 तक सीटें जीत ले जायेगी। किंतु सपा 124 सीटों पर जीतती नजर आ रही है। अब समाचार लिखे जाने तक वह 84 सीटें जीत चुकी है तथा 40 पर आगे चल रही है। कांग्रेस दो सीटों पर सिमट गई है, वहीं बसपा एक सीट जीत सकती है। दो सीटें अन्य के खातें में जा रही है।

प्रचंड जीत की नींव पड़ते ही राजधानी में खेली गई होली

भाजपा की प्रचंड जीत का रूझान मिलने के साथ ही प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा समर्थक सड़कों पर उतर आये तथा उन्होंने होली से पहले होली खेलनी शुरू कर दी। भाजपा कार्यालय पर पूरे दिन जहां रंग गुलाल उड़ता रहा, वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता जगह जगह बुलडोजर एवं जेसीबी मशीन लेकर सड़कों पर उतर गये। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में भाजपा का कोई नेता होली खेले बगैर नहीं रह सका। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में भाजपा के साथ ही संघ कार्यकर्ताओं ने होली खेली।

यह उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है: मोदी

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली।
पांच में से चार राज्यों में जीत की शाम दिल्ली भाजपा कार्यालय गुलजार हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर से पांव तक फूलों की पंखुड़ियों और मालाओं के बीच दफ्तर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है, वो अपने आप में बहुत बड़ा संकेत है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकतार्ओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कार्यकतार्ओं ने ये विजय ध्वज फहराकर इस वादे को पूरा कर दिखाया है। उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं, जिन्होंने दिन-रात देखे बिना इन चुनावों में काम किया और जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे। कार्यकतार्ओं का जिन्होंने मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी अभिनंदन।

उन्होंने कहा हमारे कार्यकतार्ओं ने जीत का चौका लगाया है। उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए थे, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है।

गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत निकल गए और वहां की जनता ने हमें फिर से सेवा का मौका दिया। 10 साल सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य और एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य… भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है।

इन राज्यों की चुनौतियां भिन्न हैं। सबकी विकास की यात्रा का मार्ग भिन्न है, लेकिन एक सूत्र है भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास। ये नतीजे भाजपा की प्रो पुअर, प्रो एक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मुहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *