Dainik Athah

यूक्रेन: मिसाइल से चेर्नीहीव में 47 की मौत

यूक्रेन में चौथे स्कूल पर बमबारी

जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट पर रूसी सेना का कब्जा 

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन के बीच जंग नौवें दिन भी जारी है। रूसी सेना ने जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। इसके पहले यहां गोलीबारी हुई जिससे प्लांट में आग लग गई थी। रूस के सैनिकों ने प्लांट की एडमिन और कंट्रोल बिल्डिंग पर कब्जा कर लिया। चेर्नीहीव में रूस हवाई हमले कर रहा है। अब तक इन हमलों में 47 लोगों की मौत हो गई है।

रूसी फाइटर जेट्स ने तमाम अपीलों के बावजूद स्कूलों पर हमले बंद नहीं किए हैं। अब से कुछ देर पहले रूसी फाइटर जेट्स ने झायटोमिर में एक मिडिल स्कूल पर हमला किया। स्कूल की बिल्डिंग तबाह हो गई। इसके कुछ देर पहले इसी स्कूल के प्लेग्राउंड में मिसाइल गिरी थी। स्कूल बंद था। लिहाजा, किसी को नुकसान नहीं हुआ। रूस अब तक चार स्कूलों को रूस ने तबाह कर दिया है। दूसरी तरफ, चेर्नीहेव में मरने वालों का आंकड़ा 47 हो गया है।

जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट पर हमले के कुछ घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।

जपोरिजिया में इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स को अंदर जाने की परमिशन मिल गई है। अमेरिकी अफसरों के मुताबिक प्लांट से रेडिएशन लेवल बढ़ने का कोई संकेत नहीं दिखा है। निगरानी की जा रही है।

परमाणु आतंक का सहारा ले रहा है रूस- जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन चेर्नोबिल परमाणु दुर्घटना जैसी दूसरी घटना को अंजाम देना चाहते हैं। जेलेंस्की का यह बयान तब सामने आया है जब रूसी सेना ने जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट पर हमला किया। उन्होंने कहा- रूस के अलावा किसी दूसरे देश ने न्यूक्लियर प्लांट पर हमला नहीं किया है। इतिहास में यह पहली बार है। रूस ने परमाणु आतंक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। ब्रिटिश पीएम जॉनसन ने भी जपोरिजिया पर हमले के बाद पुतिन पर पूरे यूरोप को खतरे में डालने का आरोप लगाया है।

यूक्रेन सरकार ने युद्ध से पहले 18-60 वर्ष तक के लोगों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी थी। सरकार युद्ध लड़ने के लिए नागरिकों को हथियार भी दे रही है।

बातचीत में कुछ तो बात बनी
दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की बातचीत में ह्यूमैनिटेरिअन कॉरिडोर के निर्माण पर सहमति बनी है। इस कॉरिडोर के तहत युद्ध क्षेत्र के लोगों के बीच भोजन और दवा पहुंचाने का काम किया जाएगा। वार्ता के बाद यूक्रेन ने कहा कि इस बातचीत से संतुष्ट नहीं है, जल्द ही तीसरे दौर की बैठक बुलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *