Dainik Athah

भाजपा के राज में गरीब को परिवार चलाना मुश्किल- अखिलेश

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी और महंगाई बहुत बढ़ गई है। डीजल पेट्रोल, रसोई गैस, सरसों का तेल सब कुछ महंगा कर दिया। गरीब को परिवार चलाना मुश्किल है। भाजपा ने गरीबों को झूठे सपने दिखाए। किसानों नौजवानों से झूठ बोला। अब जनता बदलाव चाहती है। पांच साल के भाजपा राज में नौजवानों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ी है। इसलिए अब जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है भाजपा के लोग जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि यह देश का सबसे बड़ा चुनाव है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने का भी यह चुनाव है।  

    आज अम्बेडकरनगर, बस्ती और संत कबीर नगर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों, नौजवानों, बुनकरों की मदद करने के लिए सरकार बनाना चाहती है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा गरीबों को ठगने के लिए और उनका वोट लेने के लिए मार्च तक मुफ्त राशन दे रही है। भाजपा वोट लेने के बाद मुफ्त राशन बंद कर देगी। मुफ्त राशन के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोई बजट नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार गरीबों को 5 साल तक मुफ्त राशन देगी साथ में सरसों का तेल, पाउडर दूध और घी भी देंगे। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है उसे पूरा करती है। भाजपा झूठे वादे करती है। जुमलेबाजी करती है। भाजपा पिछड़ों, दलितों का हक छीनने का काम करती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में लहर देखकर भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं। पांच चरण के बाद तो उन्होंने अपने घरों से भाजपा के झंडे भी उतार दिए हैं। श्री यादव ने कहा कि सपा सरकार में हम बीएड, टीईटी, बीपीएड शिक्षामित्र, रोजगार सेवक सभी की मदद करेंगे। भाजपा सरकार ने नौजवानों के भरोसे और सपनों को तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों ने खुद तो मलाई खाई और नौजवानों पर लाठियां चलवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *