Dainik Athah

भगवान बुद्ध का तिरस्कार कर अखिलेश ने जताया कि वे संस्कृति के प्रति कैसा भाव रखते हैं-सुधांशु त्रिवेदी

चौथे चरण के बाद लखनऊ का मार्ग भाजपा के लिए प्रशस्त

प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ

चुनाव में हताश और निराश विपक्ष के नेता केवल घर बचाने की ही लड़ाई लड़ रहे हैं

300 के पार फिर एक बार भाजपा सरकार

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता में कहा कि चौथे चरण में राजधानी लखनऊ में भी वोटिंग थी, इस चरण तक लखनऊ का रास्ता भाजपा के लिए प्रशस्त हो चुका है। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ है।

विपक्षी अब पूरी तरह हताश हैं। कहा कि विपक्षी नेताओं की भाषा व भाव भंगिमा पूरी तरह विक्षिप्त हो गई है क्योंकि कमल के फूल को खिलाने के लिए जनता का उत्साह पूरी तरह जनादेश की स्पष्ट व्याख्या कर रहा है।

उन्होंने कहा हताशा व विक्षिप्तता से भरे हुए अहंकार का प्रमाण यह है कि जहां तीसरे चरण में सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी रैली में ए पुलिस-ए पुलिस कर अपनी निराशा और हताशा को अभद्र टिप्पणी से छिपा रहे थे। चौथे चरण के मतदान के दिन चुनावी रैली में उन्होंने बहुत ही निंदनीय कार्य किया है। उन्होंने सम्पूर्ण विश्व में शांति का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध की प्रतिमा को तिरस्कार पूर्वक हटाते हुए उसे लेने से इनकार करने का काम किया। भगवान राम, कृष्ण और बुद्ध के प्रति वे दिल से कैसा दुर्भाव रखते हैं, यह आज की घटना से स्पष्ट हो गया। भारत की वैश्विक पहचान के प्रतीकों के प्रति इनका दुर्भाव ही इनके आचरण की मूल प्रकृति व फितरत है।

उन्होंने कहा कि तालिबान ने बामियान में भगवान बुद्ध की सबसे बड़ी प्रतिमा को 2001 में ध्वस्त किया था। इनके तमाम नेता एलानिया उसी तालिबान का समर्थन करते हैं। प्रियंका गांधी के वीडियों से स्पष्ट है कि आतंक और आतंकवादी कांग्रेस के लिए फिजूल की बात हैं और सपा प्रमुख के लिए आतंकवाद के आरोपियों का समर्थन करना इनके उसूल की बात है। इन्हें आतंक के आरोपियों से मोहब्बत है और श्रद्धा के प्रतीकों के लिए हिकारत है। अपराध और आतंकवाद से इनकी दुरभि संधि है और शांति के प्रतीकों से इनकी दुर्भावना बहुत ही सपष्ट है। जबकि भाजपा की सरकार ने कुशीनगर में सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया, गोरखपुर में बाद में। इन्होंने अपने घर में पहले खुद की सहूलियतों के लिए काम किया। पारिवारिक महोत्सव में ही ये व्यस्त रहे। आज सारे विपक्षी नेता घर बचाने में जुटे हैं आज मायावती जी घर में बैठी हैं। अखिलेश जी अपने पिता के घर में जाकर अपनी जमीन बचाने के लिए पूरे कुनबे के साथ जद्दोजहद में व्यस्त हैं। तीसरी ओर प्रियंका जी भाई और मां के घर की राजनैतिक इज्जत बचाने में ही जुटी हुई हैं।

माहौल स्पष्ट है, मुद्दाविहीन विपक्ष पूरी तरह साफ है। कहा कि चार चरणों में फैसला हो चुका है, आगे के चरणों में यह बात और प्रमाणिक होती जायेगी कि भाजपा बहुमत से आगे और कितनी अधिक सीटों पर विजय श्री पाने जा रही है। 300 के पार फिर एक बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *