Dainik Athah

मतगणना स्थल पर चौबीसों घंटे नजर बनाये हुए हैं बसपा कार्यकर्ता

ईवीएम की सुरक्षा का बसपा जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में कड़ी सुरक्षा में ईवीएम मशीनें रखी गई है। अन्य राजनीतिक दलों के साथ ही बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ता चौबीसों घंटे ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं। बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बता दें कि दस फरवरी को मतदान के बाद ईवीएम मशीनें कड़ी सुरक्षा में गोविंदपुरम अनाज मंडी में रखी गई है। अर्द्ध सैनिक बलों के जवान जहां 24 घंटे ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं, वहीं हर गतिविधि को कैद करने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं। यहीं पर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी 24 घंटे ईवीएम की निगरानी में लगे हैं। इसी क्रम में बसपा कार्यकर्ता भी दो पालियों में 24 घंटे निगरानी में लगे हैं। बुधवार को बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव ने भी गोविंदपुरम मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा का जायजा भी लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।

वीरेंद्र जाटव ने बताया कि 12- 12 घंटे की दो पालियों में बसपा के जिम्मेदार कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सुरक्षा ड्यूटी पर लगे हैं। सुबह नौ से रात नौ बजे तक पांच कार्यकर्ता रहते हैं, इसके बाद रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक दूसरी पाली शुरू होती है। दोनों पालियों में पांच- पांच कार्यकर्ता रहते हैं। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *