Dainik Athah

पिता- चाचा को लेकर पहले से हमलावर भाजपा को मिला नया मुद्दा

चाचा शिवपाल के फोटो वायरल होने के बाद सपा प्रमुख आये सभी के निशाने पर

सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रही शिवपाल-अखिलेश- मुलायम की फोटो

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं चाचा के नाम से प्रसिद्ध सपा मुखिया अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव के बहाने जहां भाजपा को सपा अखिलेश यादव पर हमले का नया मौका दे दिया, वहीं सपा के रथ में शिवपाल सिंह यादव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है तथा चर्चा का सबब बन रही है। हालांकि शिवपाल यादव ने जवाबी हमला करते हुए कहा कि परिवार के एक होने से भाजपा का सफाया तय है।

बता दें कि प्रसपा को अखिलेश यादव ने मात्र एक सीट जसवंतनगर दी है। यहां से शिवपाल सिंह यादव खुद चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में भी जगह नहीं दी गई। शिवपाल केवल जसवंत नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में ही सक्रिय है। बृहस्पतिवार को सैफई से सपा के विजय रथ में सवार होकर अखिलेश यादव, उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव अखिलेश के चुनाव क्षेत्र करहल गये थे। इस रथ में शिवपाल सिंह भी मौजूद है। एक फोटो में वे मुलायम सिंह यादव के सोफे के हत्थे पर बैठे हैं, जबकि अन्य फोटो में गुमशुम से पीछे खड़े हैं।

ये फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके बाद जहां यूजर्स अखिलेश यादव पर हमला कर रहे हैं, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा पर हमला करते हुए कहा सबसे बड़ी दुर्गति तो बेचारे शिवपाल की हुई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा शिवपाल की दुर्गति से दिखा अखिलेश का संस्कार। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने हमला करते हुए कहा ‘चाचा को न चुनाव में, न रथ में सीट’।

परिवार के एक होने से बौखला गई है भाजपा: शिवपाल सिंह यादव

सपा के विजय रथ की फोटो को लेकर भाजपा के हमलों के जवाब में खुद शिवपाल सिंह यादव आगे आये हैं। एक न्यूज चैनल को दिये बयान में उन्होंने कहा कि परिवार के एक होने पर भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा परिवार के एक होने पर भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने कहा परिवार के मुखिया मुलायम सिंह, अखिलेश और वे खुद साथ में बैठे यह सौभाग्य है। उन्होंने आगे कहा कि करहल से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल की जमानत जब्त होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *