Dainik Athah

अखिलेश राज में अराजकता अपराध चरम पर थे, आम आदमी डरा था -पीयूष गोयल

सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर काम किया है योगी सरकार ने

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में हर क्षेत्र में जो काम किया है उसके लिए प्रदेश की 24 करोड़ जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग को अपने साथ रखते हुए जिस तरह योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में जनकल्याणकारी सरकार चलाई है उसकी हर जगह प्रशंसा हो रही है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीयूष गोयल ने यह बात कही।

उन्होंने कहा की कृषि, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित तमाम क्षेत्रों में योगी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने कहा अगले पांच वर्षों में इसको आगे बढ़ाकर उत्तर प्रदेश देश में सुनहरे प्रदेश के रूप में छाप छोड़ेगा, इसमें कोई संदेह नहीं हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में वे जब चुनाव प्रचार के लिए आए थे तो एक दिन में ही लखनऊ समेत कई जिलों में व्यवपारियों की दिन दहाड़े हत्याएं हुई थी।

उत्तर प्रदेश में अराजकता चरम पर थी, अपराध चरम पर था, आम आदमी डरा हुआ था। वे खुद लखनऊ में व्यापारी श्रवण साहू के घर गए थे। वह मंजर कितना खौफनाक था। आज उत्तर प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर बढ़ चला है। मोदी जी के मार्गदर्शन में योगी जी ने कानून का राज स्थापित किया है। इससे न केवल यहां बड़े पैमाने पर निवेश आया है बल्कि लाखों युवाओं को रोजगार भी मिला है। गुंडाराज से मुक्त हुआ यूपी भारत के विकास की गाथा लिख रहा है।

समाजवादी पार्टी की परिवारवादी सोच पर प्रहार करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि जो पार्टी सिर्फ एक परिवार का भला सोच सकती है उसके लिए भाजपा की सबका साथ सबका विकास की सोच समझ के बाहर है। यह तो सिर्फ जनता ही समझ सकती है जिसने योगी सरकार में अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने सपा के बारे में आगे कहा कि गुंडों, माफिया और अपराधियों के दम पर सरकार चलाना एक बात है लेकिन 24 करोड़ जनता के हित के बारे में सोचना, यह सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *