Dainik Athah

एक- एक सीट पर है भाजपा आलाकमान की नजर, मोदीनगर में सांसद डा. अनिल अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी,मुरादनगर में ……

मुरादनगर में प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, साहिबाबाद में कैप्टन विकास गुप्ता को

कील- कांटे दुरस्त करेंगे पार्टी के वरिष्ठ नेता- पदाधिकारी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
अब जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान का दिन करीब आता जा रहा है भाजपा नेतृत्व अधिक सतर्क हो गया है। इसी के मद्देनजर कील कांटे दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग अलग सीटों की जिम्मेदारी सौंप कर उन्हें अधिक समय उस क्षेत्र में प्रवास करने को कहा गया है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने मतदान का दिन करीब आने के साथ ही हर सीट का गणित अपने सूत्रों से मंगवा लिया है। इसके साथ ही यह देखा जा रहा है कि किस सीट पर क्या कमी है, कौन नाराज है। इसके लिए वरिष्छ नेताओं को प्रवास कर हर प्रकार के कील कांटे दुरुस्त करने कवायद करने को कहा गया है। इसके तहत राज्यसभा सांसद डा. अनिल अग्रवाल को विशेष रूप से मोदीनगर विधानसभा में लगाया गया है। अग्रवाल ने गुरुवार से मोदीनगर में डेरा डाल दिया। वे देर रात तक अलग- अलग प्रभावी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति बनाते रहे। इसके साथ ही प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भी लगातार संपर्क में है। वे यह भी देख रहे हैं कि कौन वरिष्ठ कार्यकर्ता नाराज है तो उसकी नाराजगी दूर करने का प्रयास भी वे कर रहे हैं।

सांसद डा. अनिल अग्रवाल ने कहा कि वे लगातार मोदीनगर क्षेत्र में प्रवास करेंगे। इस दौरान हर गतिविधि पर उनकी नजर रहेगी।

इसके साथ ही पार्टी ने साहिबाबाद में कैप्टन विकास गुप्ता एवं मुरादनगर में प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि की ड्यूटी लगाई है। इसका मकसद सभी तैयारियों पर नजर रखना है। हालांकि वाल्मीकि पूरे महानगर के प्रभारी है।

मुरादनगर विधानसभा के चुनाव संयोजक संजय कश्यप ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 25 प्रभावी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें डा. अनिल अग्रवाल के साथ ही पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, मास्टर अमरदत्त शर्मा, पार्षद राजेंद्र त्यागी भी शामिल है। ये वरिष्ठ लगातार क्षेत्र में जन संपर्क कर छोटी छोटी बैठक भी कर रहे हैं।

गाजियाबाद शहर में किसकी ड्यूटी!

गाजियाबाद शहर सीट पर भाजपा में सबसे अधिक नाराजगी है। लेकिन पार्टी ने यहां पर किस प्रभावी नेता की ड्यूटी लगाई है इसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा से बात नहीं हो सकी। उधर प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने कहा कि हर क्षेत्र में ड्यूटी लगी है। शहर सीट पर किसकी ड्यूटी लगी है यह वे सूची देखकर बतायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *