Dainik Athah

बसपा बेरोजगारों और किसानों को निराश नहीं होने देगी, फिर से बदलेंगे जिलों के नाम – मायावती

अथाह संवाददाता
अमरोहा। बसपा सुप्रिमो मायावती पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने शुक्रवार को अमरोहा पहुंचीं। यहां के जोया में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने जहां भाजपा और सपा पर निशाना साधा, वहीं अपनी सरकार की उपलब्धियां भी बताईं। कहा, विरोधी पार्टियों की सरकारें अमीरों की हैं। जबकि हम आम आदमी की सरकार चलाते हैं। ऐसी पार्टियों से निजात पाना जरूरी है। इन पार्टियों को साफ करने की ताकत आपके पास है, उसका भरपूर प्रयोग करें। कोरोना संक्रमण फैल रहा है। उससे बचने की गाइडलाइन का पालन करते हुए खूब वोट करें। 

मायावती ने कहा कि बसपा में सभी को सम्मान मिलता है। अन्य दलों ने उपेक्षा की है। बसपा सरकार में ऐतिहासिक कार्य किये हैं। मुरादाबाद मंडल के लोगोंं को विश्वास दिलाती हूं कि बेरोजगार व किसानों को निराश नहींं होने दिया जाएगा। किसानों को फसल की उचित कीमत, सस्ते उपकरण दिए जाएंगे। केंद्र सरकार के विवादित नियमोंं को यूपी में लागू नहीं होने दिया जाएगा। जिलों के नाम फिर बदले जाएंगे। सर्व समाज के लोगोंं के हितों के फैसले लिए जाएंगे।

भाजपा और सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियों की सरकार ने  कानून व्यवस्था खराब की है। उसे सुधारा जाएगा। बीजेपी धर्म के नाम पर काम करती है। गुंडे-माफिया की जगह जेल में है। सीएए व अन्य गलत मामलों में जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं उन्हें खत्म किया जाएगा। धरना प्रदर्शन की ज़रूरत नही पड़ेगी। आयोग गठित करेंगे व मांगे मानेंगे।

मायावती ने जनता से अपील की, कहा- विरोधी दलों से सावधान रहना है। लोगों को गुमराह नहीं होना है, ओपीनियन पोल पर ध्यान न दें।  2007 को देख लो। विरोधी दल भ्रामक घोषणा पत्र लाती है, पर वादे पूरे नहीं करती। बसपा कहने में नहीं करने में विश्वास करती है। यूपी में विकास के लिए सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के लिए बसपा की सरकार लानी है, कोरोना नियम का पालन करना है, वोट खूब डाले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *