Dainik Athah

लालजी टंडन का निधन, एक युग का अंत

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का 85 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर लखनऊ में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं लखनऊ के सांसद व देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। वे स्वर्गीय लालजी टंडन को श्रद्धांजलि देने दोपहर एक बजे लखनऊ पहुंच रहे हैं। राजनाथ सिंह दिल्ली से लखनऊ रवाना हो चुके हैं।

लालजी टंडन पिछले लंबे अर्से से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार राजधानी के वेदांता अस्पताल में चल रहा था। आज सुबह पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पुत्र एवं प्रदेश के नजर विकास मंत्री आशुतोष टंडन उर्फ गोपालजी टंडन ने उनके निधन की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही उनके निवास पर शोक वक्त करने वालों का तांता लग गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह भी लालजी टंडन के निवास पर पहुंच गए है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश ने एक लोकप्रिय जन नेता, योग्य प्रशासक व प्रखर समाजसेवी को खो दिया। स्वर्गीय टंडन लखनऊ के प्राण थे। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार ने लालजी टंडन के निधन पर तीन दिन का शोक घोषित किया है।

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश की एक क़द्दावर शख़्सियत, श्री लालजी टंडन के निधन का समाचार बहुत पीड़ादायक है। टंडनजी के साथ मुझे लम्बे समय तक काम करने का अवसर मिला। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता की सेवा में समर्पित रहा और उन्होंने अपने काम से एक अलग छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा स्वभाव से बेहद मिलनसार टंडनजी कार्यकर्ताओं के बीच भी बेहद लोकप्रिय थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने जो विकास कार्य कराये उसकी सराहना आज भी लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लोग करते हैं। ईश्वर समस्त शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति।

गाजियाबाद विधानसभा से विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने लालजी टंडन के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए एवं उनके पुत्र व प्रदेश के नगर विकास मंत्री गोपाल जी टंडन को सांत्वना प्रदान की। विधायक सुनील शर्मा , अजीत पाल त्यागी ,डॉ मंजू शिवाच, भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा ने भी लालजी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *