Dainik Athah

बीजेपी का डोर-टू -डोर कैंपेन शुरू

स्वतंत्र देव सिंह ने की पार्टी के जनसंपर्क अभियान की शुरुआत

यूपी के 1,74,000 बूथों पर घर-घर पहुंचे भाजपा के नेता और कार्यकर्ता

विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सांसद, विधायक, मंत्री और जनप्रतिनिधि भी हुए सम्मिलित

अभियान में बताई मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार कोे राजधानी लखनऊ के बालू अड्डे से पार्टी के घर-घर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जाने वाला यह जनसंपर्क अभियान आज से प्रारम्भ हो गया। मंगलवार को राज्य के 1,74,000 बूथों पर बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंच कर लोगों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। लोगों को बताया कि केंद्र और राज्य सरकार ने लोगों के हितों के क्या क्या किया है? पार्टी नेताओं ने लोगों के घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताने वाला पत्रक ‘पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास‘ भी दिया और स्टीकर लगाये।

लखनऊ में पार्टी के घर-घर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों के घर गए। जहां उन्होंने लाभार्थियों को चंदन और कुमकुम का तिलक लगाकर उन्हें प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताने वाला पत्रक दिया और एक बार फिर से भाजपा को वोट देने की अपील की। कहा कि इस अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ता उन करोड़ों लोगों के घर-घर जा रहे हैं, जिन्हें योजनाओं का लाभ मिला है।

हमने जो कहा है वह किया है, जो कहेंगे उसे भी करेंगे। इस अभियान के जरिए हम जनता के आशीर्वाद के साथ ही उनसे सुझाव भी ले रहे हैं। इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पांच-पांच की संख्या में घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दी। राज्य में जिन लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार की योजना का लाभ पाया है, उन लाभार्थियों के घर जाकर पार्टी नेताओं ने उनका सम्मान किया और पार्टी के लिए वोट मांगा।

उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया, प्रदेश सरकार भी मुफ्त राशन तेल, नमक, दाल आदि का वितरण किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने 3.10 करोड़ श्रमिकों को भरण पोषण के लिए 500 रुपए प्रतिमाह देने और 23 लाख श्रमिकों को भरण पोषण के लिए 1000 रुपए प्रति माह देने के लिए 230 करोड़ रुपए की धनराशि दी है। राज्य में सभी लोगों को मुफ्त टीका लगाया जा रहा है।

प्रदेश सरकार बेघरों की सुध ले रही है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना में 40 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 90,225 आवासों का निर्माण किया गया। अपराधियों पर नकेल कसने के तहत माफियाओं द्वारा अर्जित की गई 1574 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। किसानों की खुशहाली के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 2.48 करोड़ किसानों को 32,500 करोड़ रुपए दिए गए, राज्य में 86 लाख लघु और सीमान्त किसानों का 36,000 करोड़ रुपए का ऋण मोचन किया गया। यूपी को रोजगार प्रदेश बनाते हुए 4.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई।

कहा कि चुनाव आयोग के जारी दिशानिर्देशन के अनुरूप शुरू हुए भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पांच-पांच की संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों को देंगे।

लोगों को बताएंगे कि प्रदेश की योगी सरकार ने कैसे अपराधियों पर नकेल कसी, कैसे बेघरों को आवास मुहैया कराए, घर-घर बिजली पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए तथा कैसे यूपी को रोजगार प्रदेश बनाया और कैसे किसानों के जीवन को खुशहाल बनाया है। जनसंपर्क अभियान के कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी/कार्यकर्ता सभी सांसद और विधायकों के साथ प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने भी अपने विधानसभा क्षेत्रों में जन-जन से सम्पर्क कर सरकार की योजनाओं को बताया और आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *