Dainik Athah

पहले चरण में भाजपा काट सकती है 40 से अधिक विधायकों के टिकट

गाजियाबाद जिले में दो सीटों पर भाजपा कर सकती है बदलाव!

साहिबाबाद सीट पर नहीं होगा ईडी का वार

गढ़मुक्तेश्वर सीट पर हापुड़ चेयरमैन का दावा मजबूत होने से पशोपेश में नेतृत्व

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी ने पहले चरण की सीटों के प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी करीब करीब पूरी कर ली है। मामला केवल उन सीटों को लेकर फंसा है जिन सीटों पर विधायकों के टिकट काटे जाने हैं। पहले चरण में करीब 40 से अधिक टिकट काटे जाने की तैयारी है। बस इंतजार है तो मजबूत एवं जनप्रिय चेहरों का।

उप्र भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों की सूची को पहले ही करीब करीब अंतिम रूप दे दिया था। सूची अध्ययन के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दी गई थी। लेकिन इस सूची पर दिल्ली में मंथन मंगलवार को हुआ। इस दौरान एक एक प्रत्याशी को लेकर चर्चा की गई। सूची में शामिल नामों को लेकर नेतृत्व को आश्वस्त किया गया कि ये प्रत्याशी चुनाव में विजयश्री का वरण करेंगे। इसी दौरान जिन नामों को लेकर सबसे अधिक चर्चा हुई उनमें वे ही नाम थे जिनका प्रदर्शन बेहतर नहीं है, जनता में जिनके प्रति नाराजगी, कार्यकर्ताओं में नाराजगी के दृष्टिकोण से भी गौर किया गया।

भाजपा सूत्रों के अनुसार इसमें दो विधानसभा सीटें गाजियाबाद की है। इन दोनों विधायकों के प्रति कार्यकर्ताओं एवं जनता की नाराजगी मुख्य कारण पाया गया। दोनों ही सीटों पर नेतृत्व मजबूत प्रत्याशी की तलाश में है। पार्टी किसी भी हालत में कमजोर प्रत्याशी पर दाव लगाने को तैयार नहीं है। सूत्रों के अनुसार ईडी के पूर्व संयुक्त निदेशक का नाम साहिबाबाद सीट के लिए चल रहा था। लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए पार्टी उन्हें किसी अन्य सीट पर चुनाव लड़ाने का विकल्प तलाश कर रही है। एक सीट के लिए नेतृत्व जिले की पांचों सीटों का जातीय गणित खराब करने के पक्ष में नजर नहीं आता। हालांकि उन्हें अब जेवर सीट का विकल्प भी दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार पड़ौसी जिले हापुड़ की गढमुक्तेश्वर सीट पर वर्तमान विधायक कमल मलिक का टिकट कटना तय माना जा रहा है। इस सीट पर भाजपा नेतृत्व जाट के बदले किसी जाट को ही प्रत्याशी बनाने की चर्चा है। लेकिन इस सीट पर पहली बार ब्राह्मण चेहरे के रूप में हापुड़ चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत ने मजबूती से दावा पेश किया है। पार्टी उनके नाम पर विचार भी कर रही है। इस सीट पर अब पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी ने भी दावा किया है। सूत्रों के अनुसार अब इस सीट पर तीन नामों पर विचार किया जा रहा है। इसमें एक जाट है।

हापुड़ सुरक्षित सीट पर वर्तमान विधायक विजय पाल आढ़ती को डा. शिवकुमार से कड़ी टक्कर मिल रही है। इसके साथ ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार, उनके पति राजेंद्र कुमार भी टिकट मांग रहे हैं। धौलाना सीट पर पूर्व विधायक धर्मेश तोमर के साथ ही वाईपी सिंह के बीच कड़ा संघर्ष है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी मकर सक्रांति अथवा अथवा इसके अगले दिन प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। लेकिन सूची जारी होने तक दावेदारों की धड़कनें बढ़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *