Dainik Athah

सपा ही भाजपा का विकल्प- अखिलेश यादव

सरकार बनने पर तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देंगे

छात्रों-नौजवानों को पहले की तरह लैपटाप देंगे

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता ने समाजवादी पार्टी को भाजपा का विकल्प मानती है। जनता इस बार भाजपा का सफाया करके समाजवादी पार्टी की सरकार लाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, छात्रों-नौजवानों को पहले की तरह लैपटाप देंगे। पढ़ाई-रोजगार का इंतजाम होगा। सिंचाई मुफ्त होगी।


अखिलेश यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। समाजवादी पार्टी ने क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन किया है। इस बार जनता पुराने मुद्दों पर वोट नहीं देगी। समाजवादी पार्टी चुनावों की तैयारी पिछले दो साल से कर रही है। पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी गई है कि कैसे अपना काम जनता तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेे किसान, नौजवान को धोखा दिया। डीजल, बिजली, खाद, सब महंगे हो गए है। किसान की कमाई आधी हो गयी और महंगाई दुगनी हो गयी है। भाजपा के नेता एक बार भी किसान, नौजवान का नाम नहीं लेते हैं। भाजपा ने तीन कृषि कानून किसानों को संकट में डालने और उनको बर्बाद करने के लिए लाए थे। भाजपा ने जिन किसानों को आतंकवादी कहा था, वोट के लिए अब उनकी पूजा कर रही है। किसान जानता है कि भाजपा धोखा दे रही है।

उन्होंने कहा भाजपा का हर वादा झूठा निकला। इसके विज्ञापन भी झूठे हैं। समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान दिया। माताओं बहनों को समाजवादी पेंशन, कन्या विद्याधन, लैपटाप, रानी लक्ष्मीबाई योजना के जरिए सम्मान दिया था। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार के लिए काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जनसभाओं में उमड़ते जनसैलाब से घबड़ाकर सरकारी पार्टी के अनुकूल व्यवस्थाएं की जा रही है। लेकिन मतदाता साइकिल पहचानता है। वह साइकिल का बटन ही दबाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *