Dainik Athah

गाजियाबाद शहर सीट पर वैश्य समाज के साथ ही ब्राह्मणों की दावेदारी : मयंक, पवन, केके के बाद अब संजीव गुप्ता ने ठोकी दावेदारी

वर्तमान में भाजपा के महानगर कोषाध्यक्ष है उद्यमी संजीव गुप्ता

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट दावेदारों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। इस कड़ी में नया नाम युवा उद्यमी संजीव गुप्ता का जुड़ गया है। उन्होंने मजबूती से इस सीट पर दावा किया है।

बता दें कि गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट से वर्तमान में प्रदेश में राज्यमंत्री अतुल गर्ग विधायक है। लेकिन पिछले लंबे समय से विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ रहे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गाजियाबाद आगमन पर तो उनके खिलाफ पर्चे भी फैंके गये थे। इस सीट पर अब तक भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल मजबूती से दावेदारी कर रहे हैं। उनके साथ ही जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल, आशीष गुप्ता एवं भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला टिकट मांग रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को युवा उद्यमी संजीव गुप्ता भी मैदान में आ गये। संजीव गुप्ता ने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा को बायोडाटा सौंप कर अपनी दावेदारी जता दी।

संजीव गुप्ता गाजियाबाद के युवा उद्यमी है तथा वर्तमान में वे महानगर भाजपा के कोषाध्यक्ष भी है। समरकृल कंपनी के सीएमडी संजीव गुप्ता का नाम पार्टी के गोपनीय सर्वे में भी आ चुका है। संजीव गुप्ता की कंपनी समरकूल के उत्पादों की पूरे देश में मांग है। भाजपा को जब भी कोई कार्यक्रम आयोजित करना होता है तो वह सहयोग करने में सबसे आगे रहते हैं। महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने भी पुष्टि की कि संजीव गुप्ता ने शहर सीट पर दावेदारी की है। उनका नाम भी पार्टी के प्रदेश कार्यालय भेजा जा रहा है। संजीव गुप्ता ने कहा कि वे पहले से ही सेवा कार्य करते आये हैं। भाजपा यदि उन्हें मौका देती है तो वे तन-मन-धन से गाजियाबाद शहर क्षेत्र के मतदाताओं की सेवा करेंगे।

वहीं, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल संघ पृष्ठ भूमि से आते हैं। उनके दादा जी से लेकर वर्तमान पीढ़ी तक संघ के माध्यम से सेवा कार्य में जुटी हुई है। कोरोना काल में मयंक गोयल पूरे क्षेत्र के लोगों की सेवा में सक्रिय रहे। इस समय उनके नाम की चर्चा जोरों पर है। जबकि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला का दावा है कि यदि ब्राह्मण सीट कोई है तो वह गाजियाबाद शहर है। सबसे अधिक ब्राह्मण मतदाता भी इसी क्षेत्र में है। बहरहाल शहर सीट पर टिकट दावेदारों के बीच रस्साकस्सी पूरी तेजी से चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *