Dainik Athah

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल 3 दिसंबर को गाजियाबाद में करेंगे बैठक

क्षेत्रीय चुनाव संचालन समिति की बैठक में देंगे मंत्र

आईटीएस कालेज मोहननगर में होगी बैठक

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल शुक्रवार को गाजियाबाद में रहेंगे। वे क्षेत्रीय (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) की चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करेंगे।

बता दें कि भाजपा अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार बैठकों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल शुक्रवार को दोपहर 12 बजे आईटीएस कालेज मोहननगर आ रहे हैं। यहां पर वे भाजपा की क्षेत्रीय बैठक को संबोधित करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक में केवल क्षेत्रीय पदाधिकारियों को ही आमंत्रित किया गया है। सूत्र बताते हैं कि यह बैठक मुख्य रूप से चुनाव संचालन समिति की होगी। इसके साथ ही बैठक में आगामी विजय यात्रा की तैयारियों को लेकर भी निर्देश दिये जायेंगे।

सुनील बंसल क्षेत्रीय चुनाव संचालन समिति की बैठक में संगठन के कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इसमें देखा जायेगा कि कहां पर सख्ती करने की आवश्यकता है। विजय यात्रा को लेकर चल रही तैयारियों के साथ ही यात्रा का संचालन कैसे करना है यह निर्देश भी दिये जायेंगे। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रभारियों के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल एवं सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *