Dainik Athah

यह अपना समाज है, अपना देश है इसलिए कार्य कर रहे हैं: सुधांशु त्रिवेदी

वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी

वनवासी कल्याण आश्रम में जन समुदाय भी भागीदारी करें

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम से जुड़े लोग अपने स्वार्थ के लिए काम नहीं कर रहे हैं। ये इसलिए कार्य कर रहे हैं कि यह अपना समाज है, अपना देश है।

सुधांशु त्रिवेदी रविवार को शाम हिंदी भवन सभागार में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सेवा प्रकल्प वनवासी कल्याण आश्रम के तत्वावधान में आयोजित एक विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों की प्रेरणा के पीछे वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकतार्ओं का स्वार्थ नहीं है। इस प्रकल्प से जुड़े लोग अपने अहंकार की तृप्ति और अपनी कीर्ति-प्रसिद्धि के लिए सेवा-कार्य नहीं कर रहे हैं। यह अपना समाज है, अपना देश है, इसलिए हम कार्य कर रहे हैं। स्वार्थ, भय, मजबूरी, प्रतिक्रिया या अहंकार, इन सब बातों से रहित आत्मीय वृत्ति का परिणाम है यह सेवा।

सुधांशु त्रिवेदी ने बहुत सारे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें निरहंकार वृत्ति से सेवा कार्य में जुटना चाहिये। हम जो कर रहे हैं, उसमें समाज की सहभागिता है, इसलिए उसका श्रेय स्वयं न लेकर दूसरों को देना चाहिए। जब हम कोई कार्य प्रारंभ करते हैं तो बहुत उत्साह रहता है, लेकिन जब वह लंबा खिंचने लगता है तो कार्य के प्रति ऊब पैदा होने लगती है।

भाजपा प्रवक्ता ने भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम ने रावण पर विजय प्राप्त करने के लिए जंगल के वनवासियों का साथ लिया और महाभारत काल में एकलव्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एकलव्य की मूल स्थिति को अपभ्रंश करके केवल उन्हें भील जाति का वंशज बताया। उन्होंने कहा वनवासी समाज को पूरे समाज से जोड़ने के लिए एवं वनवासी सेवा क्षेत्रों में जो सेवा कार्य किया जा रहा है वह सराहनीय कदम है।

उन्होंने इन सभी सेवा कार्यो के लिए वनवासी कल्याण आश्रम की पूरी टीम को बधाई दी तथा वहां उपस्थित जनसमुदाय से भी इसमें भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सेवा प्रकल्प संस्थान के उत्तर भारत के संगठन मंत्री डालचंद, महानगर इकाई के अध्यक्ष आशीष सिंघल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष राजकुमार, विवेक सिंघल, सचिन गोयल, नवीन कंसल, पंकज अग्रवाल, सम्राट के साथ ही पूर्व महापौर आशु वर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मोंगा, जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल, भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *