Dainik Athah

देश के गृह मंत्री अमित शाह लेंगे बूथ अध्यक्षों की क्लास

मेरठ में होगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन

पश्चिमी उप्र के 30 हजार बूथ अध्यक्ष होंगे सम्मेलन में शामिल

विशेष संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश में 2022 के प्रारंभ में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बूथ अध्यक्षों की क्लास देश के गृह मंत्री एवं भाजपा के चाणक्य अमित शाह लेंगे। इस दौरान बूथ अध्यक्षों से सवाल- जवाब भी होंगे।

बता दें कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का सबसे बड़ा हथियार बूथ अध्यक्ष एवं पन्ना प्रमुख है। दो दिन पूर्व मेरठ में हुई संघ की बैठक में बूथ अध्यक्षों को लेकर संघ के वरिष्ठ अधिकारी ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद ही हुई क्षेत्रीय बैठक में बूथ अध्यक्षों के सम्मलेन की योजना तैयार की गई। भाजपा सूत्रों के अनुसार 30 हजार बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी, सुभाारती यूनिवर्सिटी समेत तीन स्थानों पर विचार किया जा रहा है।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी इन स्थानों का निरीक्षण भी कर चुके हैं। भाजपा सूत्रों की मानें तो अमित शाह के आने की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है। लेकिन उनके आने से पूर्व संगठन लखनऊ स्तर से बूथ अध्यक्षों को सीधे फोन कर उनसे बात करेगा। इसके साथ ही बूथ अध्यक्षों से पूछा जायेगा कि उनकी जिम्मेदारी क्या है। उन्होंने कितना काम किया है।

इसके माध्यम से बूथ अध्यक्षों के साथ ही जिला एवं मंडल स्तर के संगठन की स्थिति स्पष्ट हो जायेगी कि कहां कहां बूथ अध्यक्षों की फर्जी सूची तैयार की गई है, जहां बूथ अध्यक्षों की तैनाती कागजों पर हुई है। उन मंडल अध्यक्षों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई भी हो सकती है। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह के मेरठ आने की तिथि अभी निर्धारित नहीं हो सकी है। लेकिन क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के नेतृत्व में सभी तैयारियां पूरी की जा रहा है। सम्मेलन की तिथि 20 से 25 नवंबर के बीच की तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *