Dainik Athah

दीपावली मेले में 200 से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर बेच सकेंगे अपने उत्पाद

29 अक्टूबर को होगा कवि सम्मेलन का आयोजन, मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

झूला झूल कर बच्चे कर सकेंगे मनोरंजन

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
कवि नगर रामलीला मैदान में 28 अक्टूबर से आयोजित होने वाले दीपावली मेले में गाजियाबाद के 200 से ज्यादा स्थानीय स्ट्रीट वेंडर अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और डूडा में रजिस्टर्ड स्ट्रीट वेंडर्स का चयन कर दीपावली मेले में भाग लेने का मौका मिलेगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से 8/12 वर्ग फीट का निशुल्क इंस्टॉल उपलब्ध कराया जाएगा।

यह जानकारी नगर निगम मुख्यालय में महापौर आशा शर्मा व नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों व नगर निगम क्षेत्रों में दीपावली मेला आयोजित किए जाने है‌‌। जिसके तहत नगर निगम द्वारा कवि नगर रामलीला मैदान में 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। दीपावली मेले का शुभारंभ 28 अक्टूबर की शाम को होगा। जिसमें प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के उपस्थित रहने की संभावनाएं हैं।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दीपावली मेले में लोगों के मनोरंजन बच्चों के उत्साह को देखते हुए झूले भी लगाए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। 29 अक्टूबर को कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा‌। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को महत्व दिया जाएगा ताकि वह अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें। पंडित दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में गाजियाबाद के ठेली, पटरी व स्वयं सहायता समूह आदि वेंडर्स को तवज्जो दी जाएगी, ताकि वह दीपावली पर अपने सामान को बेच सकें।

दीपावली मेले में महिला वेंडर्स को भी प्राथमिकता दी जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि दीपावली मेले का आयोजन पूरी तरह कोरोना प्रोटोकॉल के मुताबिक होगा। सैनिटाइजेशन के साथ-साथ मास्क पहनकर ही लोग मेले में आए, इसके लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। महापौर आशा शर्मा ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स अपने उत्पादों का ना केवल प्रचार प्रसार कर सकेंगे बल्कि उन्हें बेच भी सकेंगे।

दीपावली पर ठेका श्रमिकों को बढ़ाकर वेतन देगा नगर निगम

गाजियाबाद नगर निगम दीपावली पर अस्थाई व ठेका श्रमिकों का वेतन बढ़ाकर देगा। नगर निगम मुख्यालय में वेतन वृद्धि को लेकर सफाई कर्मचारियों की भूख हड़ताल को देखते हुए महापौर व नगरायुक्त ने यह फैसला लिया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस संबंध में सदन में वेतन वृद्धि को लेकर पहले ही प्रस्ताव हो चुका है। जिसके आधार पर वेतन को बढ़ाया जा रहा है।

आपको बता दें कि नगर निगम सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले नगर निगम मुख्यालय में धरना दिया जा रहा है। जिसके तहत सोमवार से दो कर्मचारियों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। जिसको देखते हुए मंगलवार को गाजियाबाद नगर निगम के यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांग को आगे बढ़ाया। जिस आधार पर सदन के निर्णय अनुसार ठेका श्रमिक मालियों व ठेका श्रमिक ड्राइवरों का वेतन नियमानुसार बढ़ाया गया है।

वेतन वृद्धि के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी ठेका श्रमिक कर्मचारियों की बढ़ाई गई है। आगे भी योजनाएं ठेका श्रमिक कर्मचारियों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए बनाई जा रही है। जिससे गाजियाबाद नगर निगम के कार्यों में सहयोग करने वाले ठेका श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सके।

नगर आयुक्त गाजियाबाद महेंद्र सिंह तंवर द्वारा स्वयं ठेका श्रमिक कर्मचारियों के समीप जाकर अवगत कराया कि अक्टूबर माह का वेतन बढ़कर मिलेगा। साथ ही नगर आयुक्त द्वारा ठेका श्रमिक कर्मचारियों से किसी भी परेशानी हेतु सीधे संपर्क करने के लिए कहा। वेतन बढ़ाने की घोेषणा से कर्मचारियों द्वारा नगर आयुक्त का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *