Dainik Athah

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद में होने वाले कार्यक्रम का बनेंगे हिस्सा

भारत के सौ करोड़ वैक्सीनेशन पार करने पर भाजपा करेगी हर जिले में बड़े कार्यक्रम

मोहननगर स्थित आईटीएस कॉलेज में होगा बड़ा कार्यक्रम

भाजपा के प्रदेश के अनेक बड़े नेता होंगे कार्यक्रम में शामिल

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
कोरोना वैक्सीनेशन में भारत के सौ करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाये जाने के मौके पर भाजपा देशभर में बड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के नेता भी इन कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद में 21 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा लोगों को संबोधित करेंगे। इसके लिए महानगर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है।

पूरे विश्व में भारत ऐसा अकेला देश है जहां सौ करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। इस मौके पर भाजपा ने 21 अक्टूबर को पूरे देश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी के बड़े नेता एवं मंत्री कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दिल्ली की सीमा पर स्थित गाजियाबाद जिले का चुनाव किया है। वे गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा मोदी एवं योगी सरकार की पीठ ठोंकने का काम करेंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि इस मौके पर 21 अक्टूबर गुरुवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे जेपी नड्डा आईटीएस मोहननगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा मौजूद लोगों के साथ समारोह का हिस्सा बनेंगे।

संजीव शर्मा ने बताया कि जेपी नड्डा के साथ ही केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री, जिले के विधायक, जिला व महानगर के पदाधिकारी समेत अन्य लोग भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

गाजियाबाद में प्रवेश पर होगा जोरदार स्वागत

महानगर भाजपा के महामंत्री पप्पू पहलवान ने बताया कि जेपी नड्डा के गाजियाबाद में प्रवेश पर उनका जोरदार स्वागत कार्यकर्ताओं द्वारा किया जायेगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। स्वागत ऐतिहासिक होगा।

कैलाश मानसरोवर भवन का करेंगे निरीक्षण

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद में आगमन के बाद सुबह 11 बजे इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंचकर करेंगे निरीक्षण करेंगे।

क्षेत्रीय बैठक को भी संबोधित करेंगे नड्डा

महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोरोना वैक्सीनेशन पर आयोजित कार्यक्रम के बाद आईटीएस कॉलेज में ही भाजपा की क्षेत्रीय बैठक को भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्र देंगे।

मंत्री जितिन प्रसाद आज शहर में, भाजपा कार्यालय भी जायेंगे

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए एवं मंत्री पद प्राप्त करने वाले जितिन प्रसाद बुधवार को गाजियाबाद आ रहे हैं। वे राजकीय पालीटेक्नीक में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होेंगे। इसके बाद वे दोपहर दो बजे भाजपा के नेहरू अपार्टमेंट स्थित कार्यालय जायेंगे।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि जितिन प्रसाद पार्टी कार्यालय पर पार्टी के पदाधिकारियों से परिचय करेंगे। इसके साथ ही एक बैठक को संबोधित करेंगे। हालांकि भाजपा की यह परंपरा है कि शहर में आने वाले मंत्री पार्टी कार्यालय भी जाते हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने किया आईटीएस कॉलेज का निरीक्षण

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम के मद्देनजर पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल मंगलवार को शाम आईटीएस मोहननगर पहुंचे तथा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

इस मौके पर मुख्य रूप से महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, मंत्री संजीव चौधरी, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष सचिन डेढ़ा, पार्षद राजीव शर्मा, बोबी त्यागी समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *