Dainik Athah

अयोध्या में दीपोत्सव पर नौ लाख मिट्टी के दीये जलाये जायेंगे: योगी

भाजपा का सामाजिक संपर्क अभियान के तहत प्रतिनिधि सम्मेलन शुरू

पिछली सरकारें साथ सबका चाहती थी लेकिन विकास अपना करती थी

गुंडागर्दी ना भ्रष्टाचार-भाजपा देती है और देगी अच्छी सरकार: केशव मौर्या

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी ने सामाजिक संपर्क अभियान के तहत रविवार को सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन की शुरूआत की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय तथा महाराज दक्ष प्रजापति व डा. रत्नाप्पा कुंभार के चित्रों पर पुष्पार्चन करके सम्मेलन का शुभारम्भ किया। इसके साथ ही पार्टी के 17 से 31 अक्टूबर तक होने वाले सम्मेलनों का श्री गणेश हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में नौ लाख गरीब परिवार को घर दिए जा चुके है। इस दिवाली पर उन परिवारों के गृह प्रवेश की खुशी पर अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव पर नौ लाख मिट्टी के दीये जलाएं जाएंगे। यह दीयें अयोध्या के प्रजापति समाज द्वारा बनाए गए है।

साथ ही सरकार की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में दिए गए 42 लाख आवासों में भी एक-एक मिट्टी का दीया जलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार दिवाली में विदेश से आई लक्ष्मी गणेश की मूर्ति की नहीं बल्कि अपने मिट्टी से जुड़े कारीगरों की बनाई मूर्ति से पूजा होना चाहिए। इस अभियान के साथ हम सबको जुड़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास का मंत्र दिया था। लेकिन पिछली सरकारें सबका साथ अपना विकास के नारे पर काम कर रही थी। पिछली सरकारें साथ सबका चाहती थी लेकिन विकास अपना करती थी।

उन्होंने ने कहा कि पर्व और त्योंहार में जब कमाई का समय आता था तो प्रदेश को दंगों की आग में झोंक दिया जाता था। इससे प्रदेश पिछड़ता चला गया। मिटटी के कारीगरों के कारोबार चौपट हो गए। आज सरकार दबे कुचले लोगों की आवाज को एक आवाज दे रही है, उनको आगे बढ़ाने का काम कर रही है। माटीकला बोर्ड के माध्यम से इस उद्योग से जुड़े लोगों के चेहरे पर खुशी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रजापति समुदाय के लोगों के बनाए मिट्टी के बर्तन बिकते नहीं थे। 2017 में हमारी सरकार आने के बाद जानलेवा प्लास्टिक पर बैन लगाया। मिट्टी से जुड़े कारीगरों को पहचान देने के लिए माटीकला बोर्ड का गठन किया। कारीगरों को बर्तन बनाने के लिए नि:शुल्क इलेक्ट्रिक चॉक वितरित किए। इससे जो कारीगर पहले 70 बर्तन बनाते थे, वह 400 बर्तन तैयार कर रहे हैं।

माटीकला बोर्ड की ओर से आयोजित प्रदर्शनियों के जरिए उनके व्यापार को बढ़ावा दिया गया। सरकार की योजना प्रजापति समुदाय और मिट्टी से जुड़े कारीगरों के लिए स्वावलंबन का आधार बनी। माटीकला बोर्ड से सिर्फ एक समुदाय नहीं बल्कि पूरा समाज जुड़ा हुआ है। यही जीवन चक्र है। इससे अर्थव्यवस्था भी जुड़ी है। प्रजापति समाज ने अपनी मिट्टी से जुड़कर आस्था के साथ अर्थव्यवस्था को बेतहर बनाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर चीन में बनी लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां बाजार में छा जाती थी। उन्होंने कहा चीन एक नास्तिक देश है। वह भगवान की मूर्तियों को सही आकार नहीं दे पाता हैं। वह मूर्तियों के जरिए सिर्फ कमाई करता है। माटीकला बोर्ड के गठन के बाद अब प्रदेश में भी लक्ष्मी-गणेश की आकर्षक मूर्तियां बन रही है। अपनी मिटटी से बनी मूर्तियों में साक्षात लक्ष्मी-गणेश का वास नजर आता है। योगी जी ने कहा कि अपने कारीगरों व मिट्टी से तैयार लक्ष्मी-गणेश से पूजा करेंगे तो लक्ष्मी आपके घर वास करेंगी।

सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले से ही योगी फोबिया से ग्रस्त सपा अब भाजपा मेनिया का भी शिकार हो गई है। उन्होंने कहा कि शायद यही वजह है कि सपा के युवराज को भाजपा की केंद्र व उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों द्वारा किये गए काम नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों की पार्टी है। साधारण परिवार में जन्म लेने वाले लोगों ने इस पार्टी को बनाया और आज उन्हीं के कारण भाजपा यहां तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह किसी जाति की पार्टी नहीं है बल्कि इस पार्टी में प्रत्येक जाति का नेतृत्व है।

यहां किसी भी जाति का व्यक्ति कल का प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है और कल नेतृत्व भी कर सकता है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के मान, सम्मान, भरपेट भोजन, रहने को छत और समाज में उसको उचित प्रतिष्ठा के लिए अंत्योदय को आधार बनाकर राजनीतिक दल की नींव रखीं। इस विचार को पूरा करने का काम एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने किया।

समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पिछड़े वर्ग की जिम्मेदारी- भाजप की दूसरी पारी, अबकी बार-फिर 300 के पार। उन्होने कहा कि पिछड़ा वर्ग की ताकत बीजेपी के साथ है इसलिए बीजेपी को कोई हरा नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि वोट कटवा लोगों से सावधान रहना है, उनकी साजिश का शिकार ना होना है और ना अपनों को होने देना है। सम्मेलन में आये पिछड़े वर्ग के लोगों की ओर मुखातिब होते हुए मौर्य ने कहा कि आपके के चेहरे की चमक बता रही है, 2022 में कमल ही खिलेगा खिलकर रहेगा, भाजपा आप की पार्टी है, यह किसी प्रदेश या परिवार की पार्टी नहीं है, इसका साधारण से साधारण कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद पर पहुंचता है। कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता किसी डिप्टी सीएम से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि:
बाकी सबको जाइए भूल-केवल याद रखे नरेंद्र मोदी और कमल का फूल। गुंडागर्दी ना भ्रष्टाचार-भाजपा देती है और देगी अच्छी सरकार।

सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन के प्रभारी के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत, तथा प्रदेश मंत्री शंकर लोधी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *