Dainik Athah

एक दिन में जिला- महानगर भाजपा की आठ बैठकों का होगा आयोजन

हर एक से रू-ब-रू होंने पश्चिम के सह चुनाव प्रभारी

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु बैठकों में लेंगे थाह, देंगे टिप्स

सभासदों- पार्षदों से लेकर जन प्रतिनिधियों के साथ करेंगे विचार साझा

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। शनिवार का दिन भाजपा के गाजियाबाद जिले के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। एक साथ आठ बैठकों का आयोजन होगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु जहां कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिप्स देंगे, वहीं उनसे जिले की स्थिति की जानकारी भी लेंगे।

भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी एवं हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु जिले में रहेंगे तथा आरकेजीआईटी कालेज में आठ बैठकों के साथ ही प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि वे सबसे पहले नगर निगम के साथ ही सभी नगर पालिकाओं- नगर पंचायतों के पार्षदों एवं सभासदों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद जिला- महानगर पदाधिकारियों के साथ ही विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद पूर्व पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं की बैठक का आयोजन होगा।

इसके साथ ही जिल चुनाव संचालन समिति, कोर कमेटी की बैठकें होंगी। इसके बीच में जन प्रतिनिधियों की बैठक भी होगी। बैठकों का क्रम यहीं समाप्त नहीं होता। सहकारिता में निर्वाचित एवं नामित लोगों के साथ अलग से बैेठक होगी। इसके साथ ही निगम एवं जीडीए बोर्ड समेत अन्य बोर्ड में नामित कार्यकर्ताओं की बैठक करने के बाद देर शाम जिला पंचायत एवं ब्लाक प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया जायेगा।

संजीव शर्मा ने बताया कि सुबह नौ बजे से बैठकों का क्रम शुरू होगा जो रात करीब दस बजे तक चलेगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *