Dainik Athah

हादसे में केसी त्यागी के बहन-बहनोई की मौत

– भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी की पुत्री से एक सप्ताह पूर्व हुआ था मृतक के पुत्र का विवाह

 देहरादून। जनता दल यू के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता केसी त्यागी की बहन एवं बहनोई की उक हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक नीरज त्यागी भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी के समधी थे। नीरज त्यागी की पुत्री एवं ड्राइवर की हालत चिंताजनक है। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस को रविवार सुबह देहरादून-मसूरी मार्ग पर एलकेडी मार्ग पर किमाड़ी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस 108 एंबुलेंस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गहरी खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। इसके बाद टीम ने खाई से दोनों घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया। शनिवार रात को बारिश होने के कारण खाई में फिसलन बढ़ने से टीम को रेस्क्यू में काफी दिक्कत हुई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में  नीरज त्यागी (55) पुत्र रामपाल सिंह, शगुन त्यागी उम्र 52 साल की मौके पर ही मौत हो गई। 
वहीं, हादसे में ड्राइवर अशोक कुमार उम्र 35 साल और नीरज त्यागी की बेटी आरूषि त्यागी उम्र 27 साल गंभीर घायल हो गए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

– एक सप्ताह पूर्व ही नीरज त्यागी के पुत्र व राजीव प्रताप रूढ़ी की पुत्री ने लिए थे सात फेरे

नीरज त्यागी के पुत्र अभिमन्यु प्रताप त्यागी एवं भाजपा सांसद तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी की पुत्री एश्वर्या प्रताप रूढ़ी का विवाह लॉक डाऊन के दौरान 29 जून को सादे समारोह में संपन्न हुआ था। विवाह के बाद नव दंपत्ति मसूरी हनीमून मनाने गये थे। अभिमन्यु ने अपने माता-पिता एवं बहन को भी बुला लिया था। जानकारी के अनुसार शनिवार को देर शाम करीब साढ़े आठ बजे नीरज त्यागी व शगुन त्यागी अपनी पुत्री के साथ वापस लौट रहे थे। कार अशोक चला रहा था। नीरज त्यागी बिल्डर थे एवं सपरिवार नोएडा में रहते थे।

– गाजियाबाद- नोएडा में शोक की लहर

नीरज त्यागी एवं उनकी पत्नी शगुन की मौत की जानकारी मिलते ही गाजियाबाद व नोएडा में शोक की लहर दौड़ गई। केसी त्यागी परिवार से जुड़े लोग एक दूसरे को सूचना देकर दुख व्यक्त कर रहे थे। इस घटना ने सभी काे अंदर तक हिला दिया। नीरज त्यागी बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। केसी त्यागी के खास लोगों के उनसे भी अभिन्न संबंद्ध थे।

– पूरा परिवार पहुंचा देहरादून, अंतिम संस्कार भी देहरादून में

घटना ही जानकारी मिलते ही केसी त्यागी, उनके पुत्र अमरीश त्यागी, भाई सतीश त्यागी परिवार के साथ देहरादून रवाना हो गये थे। राजीव प्रताप रूढ़ी का परिवार भी देहरादून पहुंच गया था। वहीं पर शाम करीब सात बजे दंपत्ति का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *