Dainik Athah

योगी सरकार ने गन्ना किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाया: स्वतंत्र देव

– घर- घर संपर्क अभियान पर निकले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
– राष्ट्रीय अध्यक्ष के नारे हमारा बूथ- सबसे मजबूत को आगे बढ़ाना है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के साढे़ चार वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी द्वारा 26 सितंबर से शुरू किये गये घर-घर संपर्क अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को लखनऊ के गोसाईगंज में रहमत नगर के बूथ संख्या 80-81 में निवास करने वालों लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आम जन को केंद्र व राज्य से सरकार की उपलब्धियां गिनायी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार ने गन्ना खरीद में पच्चीस रुपए की बढ़ोत्तरी कर किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाया है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने साढे़ चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश को नई ऊंचाईयां प्रदान की है। समाज के हर वर्ग की चिंता की। केंद्र की मोदी जी की सरकार से मिली प्रेरणा से साबित हुआ कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। कोरोना वैक्सीन के दस करोड़ का लक्ष्य हासिल कर उत्तर प्रदेश देश का पहला प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में भाजपा को 2017 में लोगों की सेवा का अवसर मिला और सबसे बड़ा काम हुआ कि आम जीवन को भयभीत कर विकास में बाधक बना माफिया अब नेस्तानाबूत हो चुका है। अपराधी एवं गुंडा तत्व जेल की सलाखों के पीछे है। प्रदेश में सड़कों का जाल विछ रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी सड़कों की सौगात मिली है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा उत्तर प्रदेश में योगी सरकार न होती तो केंद्र से भेजी गयी मोदी सरकार की धनराशि डकार सी गई होती। घोटाले, भ्रष्टाचार की जगह अब उत्तर प्रदेश के सुशासन की चर्चा होती है। हमारी सरकार की ईमानदारी, पारदर्शिता की चर्चा, गांव, गरीब एवं किसान के बीच है। उन्होंने बूथ समितियों के साथ भी बैठक की और कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के उस नारे के साथ आगे बढ़ना है कि हमारा बूथ, सबसे मजबूत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *