Dainik Athah

दाम बढ़ा देना भाजपा का चुनावी हथकंडा: अखिलेश यादव

– पहले किसानों का मान गिरा देना, फिर नाम भर के लिए
– जनता को जगाने के लिए सपा कार्यकर्ता घर घर जाकर सघन अभियान में जुटें

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में किसान और बुनकर तबाह है। पहले किसानों के मान को गिराना फिर नाम भर के लिए दाम बढ़ा देना, भाजपा का ये चुनावी हथकंडा अब उत्तर प्रदेश में चलने वाला नहीं है। झूठ और नफरत के सहारे भटकाने-बहकाने वाली भाजपा की चालाकी से जनता को सजग कराने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकतार्ओं को चाहिए कि घर-घर जाकर सघन अभियान में जुट जाएं। भाजपा का अन्याय अब बर्दाश्त नहीं होगा।


उन्होंने कहा किसानों द्वारा उत्पादित कपास और बुनकरों द्वारा कपड़ा बनाकर बिक्री से भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। भाजपा के कारण दोनों वर्ग संकट में हैं। सरकार की नीतियों ने व्यापार को भी चौपट कर दिया है। महंगाई और भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग परेशान है। नौजवान का भविष्य अंधकारमय है। सभी त्रस्त, आक्रोशित और आंदोलित हैं। उन्होंने कहा भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र के वादों को भी भुलाकर जनता के साथ छल किया है। किसान को एमएसपी नहीं मिली, आय दुगनी करने के वादे का कहीं अता पता नहीं। किसान तीन काले कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर दस महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सरकार उनकी बात नहीं सुन रही हैं बल्कि अपमानित कर रही है।


सपा प्रमुख ने कहा बुनकरों की दशा भी दयनीय हो चली है। सपा सरकार में उनको फिक्स बिजली चार्ज देना पड़ता था। भाजपा सरकार ने बिजली मंहगी कर दी है। खुद एक यूनिट बिजली उत्पादन न करने वाली भाजपा सरकार के समय लोग बिजली कटौती झेल रहे हैं। पावरलूम बुनकरों का धंधा ही चौपट हो गया है। भाजपा जाते-जाते गन्ना किसानों के बकाये का ब्याज न सही मूल ही चुका दे तो बड़ी बात होगी। ब्याज अदायगी की बात तो अब भाजपा नेता भूलकर भी नहीं करते हैं। किसानों से क्रय केन्द्रों में अपमान जनक व्यवहार किया जाता है। एमएसपी पर खरीद न होने से किसान को अपना अनाज बिचौलियों को औने-पौने दाम पर बेचना पड़ता है।


अखिलेश ने कहा देश के अन्नदाता का सम्मान न करने वाली दंभी भाजपा सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। किसान आंदोलन भाजपा के अंदर टूटन का कारण बनने लगा है। छह माह बाद समाजवादी सरकार बनते ही राज्य की पीड़ित जनता के साथ कोई अन्याय नहीं कर सकेगा। 2022 में समाजवादी सरकार किसानों का सच्चा मान बढ़ायेगी और गन्नें की मिठास और दाम भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *