Dainik Athah

जनता के आशीर्वाद से ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी: धर्मेंद्र प्रधान

– निषाद पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी भाजपा
– निषाद पार्टी के साथ ही अपना दल भी गठबंधन का हिस्सा है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को निषाद पार्टी के साथ मिलकर 2022 के विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी उपस्थित थे।

पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रेस प्रतिनिधियों से बात करते हुए धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा और निषाद पार्टी साथ मिलकर लड़ेगें, हमारे गठबंधन में अपना दल भी जुड़ा है। हम 2022 में मजबूती से विधानसभा चुनाव लडेÞंगें और इसकी प्रक्रिया हमने शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वे पिछले तीन दिनों से उत्तर प्रदेश के प्रवास पर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोलियम मंत्री के रूप में वे उत्तर प्रदेश आते रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसा महत्वाकांक्षी कार्यक्रम इस प्रदेश से लांच हुआ और आज वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन दिनों के प्रवास के बाद जिम्मेदारी के साथ कह सकता हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है। प्रजातंत्र में विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है। प्रधान ने कहा कि भाजपा किसानों की असली हितैषी है और किसानों की आय दोगुनी करने को वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश की विधानसभा चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा संगठन और सरकार के कार्यों और समन्वय के बल पर विधानसभा चुनाव में समाज के सभी लोगों को हम साथ लेकर चलने में सफल होंगे और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है, विधानसभा चुनाव में हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जनता के समर्थन से विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करते हुए राज्य में सरकार बनाएगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *