Dainik Athah

भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह को जान से मारने की धमकी

इन्टरनेशनल कॉल के माध्यम से तालिबान समर्थित आंतकियों ने दी धमकी

अथाह संवाददाता

गाजियाबाद। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी को तालिबान समर्थकों ने जान से मारने की धमकी दी है। इंटरनेशनल कॉल से मिली धमकी की शिकायत साहिबाबाद पुलिस से की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इन्टरनेशनल कॉल कतर की बताई जा रही है, जो तालिबान समर्थित है। कॉल करने वाले कट्टरपंथी ने धमकी दी कि पहले मुसलमानों को परेशान करने वाले तुम जैसे भाजपा नेताओं को सबक सिखाएंगे, फिर दूसरों का नंबर लगाएंगे।

भाजपा गाजियाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वर्तमान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी को शनिवार रात रात 10 बजकर 8 मिनट पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। अंतरराष्ट्रीय नंबर से आए इस फोन में कॉल में दो दिन में मान सिंह को मौत देने की बात कही है। फोन करने वाले ने कॉल करने के बाद पूछा कि क्या तुम मान सिंह गोस्वामी बोल रहे हो। फोन करने वाला हिंदी में बोल रहा था। नाम की पुष्टि होने के बाद उसने कहा कि तुम्हारे जैसे लोगों की वजह से ही हमारी कौम को नुकसान पहुंच रहा है। तुम जैसे लोगों की लिस्ट तैयार है। फोन करने वाले ने आक्रामक शैली और अपशब्दों को प्रयोग किया। गाजियाबाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने और मामले की जांच की बात कही है। जिस समय फोन आया उस समय मान सिंह कौशांबी स्थित अस्पताल में पत्नी के पास मौजूद थे। मान सिंह की पत्नी बीमार हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। 2 मिनट 16 सेकेंड फोन पर बात हुई। उसके बाद भी कई बार उनके मोबाइल पर फोन आता रहा। मान सिंह ने तत्काल इसकी सूचना गाजियाबाद के एसएसपी को दी।


आपको बता दें कि मान सिंह गोस्वामी भाजपा गाजियाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष रहे है और भाजपा संगठन में काफी सक्रिय हैं। वह यूपी के संगठन के कामों में हमेशा सक्रिय रहते हैं और मीडिया से भी दूर रहते हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान वह पूरी तरह से पश्चिम बंगाल में सक्रिय रहे थे और वहां दूर दराज के क्षेत्रों में कई महीनों तक प्रवास किया था। पश्चिम बंगाल में उन्होंने हिंदुओं के समर्थन वाले कई भाषण दिया था जो वहां वायरल भी हुआ था। चुनाव बाद पश्चिम बंगाल में जब भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले शुरू हो गये थे तो उन्होंने अपने घर में कई कार्यकर्ताओं को महीनों तक रखा था।


प्रदेश अध्यक्ष ने लिया तत्काल संज्ञान

यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मान सिंह गोस्वामी को मिली धमकी पर तत्काल संज्ञान लिया है। घटना की जानकारी लगते ही देर रात उन्होंने मान सिंह को फोन किया। उन्होंने फोन कॉल के बाबत पूरी जानकारी ली और मान सिंह का मनोबल बढ़ाया। प्रदेश अध्यक्ष की सक्रियता का ही असर रहा कि पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और मामले की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *