Dainik Athah

विपक्षी दल योगी फोबिया से ग्रस्त है: स्वतंत्र देव

– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर बोला हमला
– अपराधियों की मसीहा सपा सरकार के विरोध में बोलने का हक खो चुकी है


अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि विपक्षी दल योगी फोबिया से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस की हालत रेत में सर छुपाये शुतुरमुर्ग जैसी है और उनको योगी सरकार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान सहित सभी क्षेत्रों में हुए सर्वांगीण विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे है। सपा-बसपा और कांग्रेस की जमींन उत्तर प्रदेश में खिसक गई है। सत्ता वापसी के इनके सपने बिखर गए हैं। इनका काम केवल भ्रामक, तथ्यहीन व बेबुनियाद प्रोपेगेंडा चला जनता को सिर्फ और सिर्फ भ्रमित करना है।


सिंह ने कहा कि अपराधियों की मसीहा समाजवादी पार्टी सरकार के विरोध में बोलने का हक खो चुकी है। सपा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ सिर्फ इस वजह से बोल रही है क्योंकि उसके शासनकाल में पोषित और संरक्षित माफियाराज के खिलाफ मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ ने अभियान छेड़ रखा है। योगी सरकार द्वारा पिछले साढे़ चार साल में माफियाओं और बदमाशों के कब्जे से छुडाई गई 18 सौ करोड़ से ज्यादा की सरकारी जमींन और ध्वस्त व जब्त की गई करोड़ों की संपत्तियां इसका सबूत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा को चिंता प्रदेश के गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और व्यापारी वर्ग की नहीं है। उसे चिंता उसके माफिया मित्रों के अवैध निमार्णों पर चल रहे सरकारी बुलडोजर की है। श्री सिंह ने कहा कि सपा को नही भूलना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता उसे एक बार नहीं दो बार बुरी तरह से खारिज कर चुकी है।
सिंह ने कहा कि राजनीतिक पर्यटन पर प्रदेश में आने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि उत्तर प्रदेश के निवासी उन्हें तीन दशक पहले ही नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अपना घर नहीं बचा सके वे हताशा और निराशा में ओछी बयानबाजी कर रहे है। ऐसा करने में वे कई बार तथ्यों से परे जाकर अपनी ही गरिमा खो रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता प्रियंका वाड्रा को शायद पता नहीं है कि पिछले साढे़ चार साल में योगी सरकार ने साढे चार लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां की और 30 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार से जोड़ा। सरकार ने 1.44 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा गन्ना किसानों का भुगतान करवाया। प्रदेश में अपराधों में भारी कमी आई है। महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान और स्वावलंबन के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध है। और यह बात प्रदेश की माताएं व बहनें बहुत अच्छी तरह से समझती है कि अगर उनके सम्मान की सुरक्षा कोई कर सकता है तो वह मात्र और मात्र योगी आदित्यनाथ की सरकार ही कर सकती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के आशीर्वाद में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से विजयी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *