Dainik Athah

दैनिक अथाह कार्यालय पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी

– भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बनने के बाद पहली बार आये गाजियाबाद
– हर वर्ग भाजपा से खुश, विस चुनावों में होगी ऐतिहासिक जीत: अवनीश त्यागी


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार से हर वर्ग खुश है। भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत होगी।


वरिष्ठ पत्रकार अवनीश त्यागी को सेवा निवृत्ति के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता पद पर नियुक्त किया है। प्रवक्ता बनने के बाद पहली बार गाजियाबाद आने पर वे रविवार को आरडीसी स्थित दैनिक अथाह कार्यालय पहुंचे तथा अपने छोटे भाई एवं संपादक अशोक ओझा को आशीर्वाद दिया। उन्होंने इस दौरान मीडिया से संबंधित बारीकियां भी साझा की। इसके साथ ही मार्ग दर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके ऊपर विश्वास कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, प्रयास है कि पार्टी की उम्मीदों पर वे खरा उतरें।


इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में बात करने पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक ही नहीं है कि भाजपा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा सरकार न बनें, इस बार प्रदेश में भाजपा रिकार्ड कायम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं प्रदेश सरकार ने मिलकर हर वर्ग की खुशहाली के लिए काम किया है। प्रदेश में अपराधियों एवं माफिया पर नकेल कसने का काम भी हुआ है। सरकार एवं संगठन मिलकर लगातार काम कर रहे हैं।
दैनिक अथाह के संपादक अशोक ओझा, तोषिक कर्दम, प्रदीप वर्मा, मुकेश कर्दम, शिवम गिरी, अरविंद सारस्वत, आकाश कुमार ने उनका बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके साथ ही प्रतीक चिन्ह के रूप में उन्हें राम दरबार भेंट किया। उन्होंने कहा वे प्रवक्ता बनकर नहीं पत्रकार के नाते अपने छोटे भाई अशोक ओझा से मिलने आये हैं। इस मौके पर भाजपा नेता अमित त्यागी ने भी उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *