Dainik Athah

हर विधानसभा क्षेत्र से 50- 50 किसान पहुंचेंगे लखनऊ: कामेश्वर सिंह

– 18 को लखनऊ में भाजपा किसान मोर्चा करेगा विशाल किसान सम्मेलन
– मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करेंगे किसान


अथाह ब्यूरो
लखनऊ। 18 सितम्बर को स्मृति उपवन लखनऊ में एक विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया है। उक्त घोषणा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में की।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काम कर रही है सरकार ने दर्जनों ऐसे निर्णय लिए जिससे किसानों का व्यापक हित हुआ है। देश की आजादी के बाद मोदी के नेतृत्व में चल रही केन्द्र सरकार तथा योगी के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार ने जितने निर्णय किसानों के हितों में लिए हैं उतना किसी सरकार ने आजतक नहीं लिये। किसानों के हितों में दर्जनों फैसले लेने के कारण किसानों का बहुत ही विकास हुआ है। प्रदेश के किसान, सरकार द्वारा किये गए कार्यों के प्रति आभार ज्ञापित करने के लिए किसान सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के समस्त विधानसभा क्षेत्रों से पचास-पचास किसान आएगें व लगभग 20 हजार किसान उपस्थित होकर समस्त प्रदेश के किसानों की तरफ से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेगें।


किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अगस्त माह में हम गन्ना बाहुल्य 95 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर 298 स्थानों पर भाजपा किसान मोर्चा द्वारा किसान संवाद स्थापित किया गया था। जिसमें लगभग 60 हजार किसानों की उपस्थिति दर्ज हुई थी। किसान संवाद के निष्कर्षों को बताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों का पूरा समर्थन भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को है। देश के कुछ विरोधी दलों के लोग जो मुद्दों के अभाव में कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं कर पा रहे है वै ही किसानों को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास कर रहे है। ये लोग दुष्प्रचार के माध्यम से लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बदनाम करने का प्रयास कर रहे है।
कामेश्वर सिंह ने बताया कि 17 सितम्बर 2021 देश के प्रधानमंत्री तथा लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी का 71वां जन्मदिवस है। इस दिन भाजपा किसान मोर्चा सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में सभी जिला केन्द्रों पर किसान-जवान-सम्मान दिवस के रूप में मनाएगा। इस दिन भाजपा किसान मोर्चा प्रत्येक जिला केन्द्रों पर 71 किसान व जवानों को सम्मानित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *