Dainik Athah

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास

डिफेंस एक्सपोर्टर छवि के साथ आगे बढ़ रहा 21 वीं सदी का भारत- पीएम


अथाह ब्यूरो
अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। कल तक जो अलीगढ़ दुकानों की रक्षा करता था, अब 21 वीं सदी में देश की सीमाओं की रक्षा करने का काम करेगा। यहां ऐसे आयुध बनेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ही नहीं, दुनिया भी देख रही है कि राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, युद्धपोत यह सब भारत में ही बनाने का अभियान चल रहा है। भारत दुनिया के बड़े डिफेंस इंपोर्टर की छवि से बाहर निकलकर दुनिया में एक्सपोर्टर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस बात के लिए उत्तर प्रदेश के सासंद के नाते मुझे गर्व है। डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड में दर्जनों कंपनियों अब हथियार बनाने वाली है। यहां छोटे हथियार ड्रोन आदि बनाए जाएंगे। नए उद्योग लगाए जा रहे हैं। यह अलीगढ़ व आसपास के क्षेत्र को नई पहचान देगा।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलीगढ़ के साथ प्रदेश तथा देश को दो बड़े तोहफे दिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में दो घंटे के कार्यक्रम में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही उत्तर प्रदेश डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड की कार्य प्रगति की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री ने अपने 40 मिनट के संबोधन में युवाओं को प्रेरणा देने के साथ उनमें जोश भी भरा। प्रधानमंत्री आगरा एयरपोर्ट पर विशेष प्लेन से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे। प्रधानमंत्री ने इस दौरान वहां पर मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को नमन करने के साथ ही उनकी कमी को काफी महमूस किया। पीएम मोदी ने युवाओं को राजा महेन्द्र प्रताप सिंह से परिचित कराने के साथ ही अलीगढ़ की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्य की काफी प्रशंसा करने के साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना तो बड़ी संख्या में निवेशक आने लगे। जिससे कि देश का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने ओडीओपी के तहत तालों व हार्डवेयर को नई पहचान दिलाने का काम किया है। इससे उद्योगों व एसएमएसई को विशेष लाभ होगा, अगले कुछ सालों में 900 करोड़ रुपया निवेश होगा। यूपी डिफेंस कारिडोर बड़े निवेश व रोजगार के बड़े अवसर लेकर आ रहा है यह तब होता है, जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अलीगढ़ व पश्चिमी यूपी के लिए बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है। हमारे संस्कार हैं, जब शुभ कार्य होता है तो अपने बड़े याद आते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं तो आज इस धरती के महान सपूत, स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं। आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश होते। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने भारत के भविष्य की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने अपने देश-विदेश की यात्राओं से मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया। राजा महेन्द्र प्रताप ने वृंदावन में आधुनिक टेक्निकल कॉलेज को अपनी पैतृक संपत्ति को दान करके बनाया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए जमीन भी राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने ही दी थी। आज मां भारती के अमर सपूत के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण उन्हें सच्ची कार्याजंलि है। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के जीवन से हमें अदम्य इच्छाशक्ति, अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर गुजरने वाली जीवटता सीखने को मिलती है। वह तो भारत की आजादी चाहते थे और अपने जीवन का एक-एक पल उन्होंने इसी के लिए समर्पित कर दिया था। उनकी गाथाओं को जानने से देश की कई पीढ़ियां वंचित रह गई।


पीएम मोदी ने कहा कि 20वीं सदी की उन गलतियों को आज 21वीं सदी का भारत सुधार रहा है। देश की आजादी के आंदोलन में कई महान व्यक्तित्वों ने अपना सब-कुछ खपा दिया। यह देश का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के बाद ऐसे राष्ट्र नायक और नायिकाओं को अगली पीढ़ियों को परिचित ही नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेल देव हों, या फिर राजा महेन्द्र प्रताप सिंह हों। आज की पीढ़ी को इनसे परिचित कराने का ईमानदार प्रयास आज देश में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अभी तक लोग अपने घर की, अपनी दुकान की सुरक्षा के लिए अलीगढ़ के भरोसे रहते थे। क्योंकि अलीगढ़ का ताला अगर लगा होता था, तो लोग निश्चिंत हो जाते थे। 55-60 साल पुरानी बात है, हम बच्चे थे। तो अलीगढ़ से ताले के सेल्समैन थे, वह हर तीन महीने में हमारे गांव आते थे। वह ताला रख जाते थे, तीन महीने बाद पेमेंट ले जाते थे। चार-छह दिन हमारे गांव में रुकते थे। जो पैसे वसूलकर लाते थे, वह मेरे पिता के पास रख जाते थे। गांव छोड़़कर जाते थे, वह पिताजी से ले जाते थे। हम तो सीतापुर व अलीगढ़ शहर सुनते थे। कल तक जो अलीगढ़ दुकानों की रक्षा करता था, अब 21 वीं सदी में देश की सीमाओं की रक्षा करने का काम करेगा। यहां ऐसे आयुध बनेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ही नहीं, दुनिया भी देख रही है कि राइफल से लेकर लड़ाकू विमान, युद्धपोत यह सब भारत में ही बनाने का अभियान चल रहा है। भारत दुनिया के बड़े डिफेंस इंपोर्टर की छवि से बाहर निकलकर दुनिया में एक्सपोर्टर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस बात के लिए उत्तर प्रदेश के सासंद के नाते मुझे गर्व है। डिफेंस कारिडोर के अलीगढ़ नोड में दर्जनों कंपनियों अब हथियार बनाने वाली है। यहां छोटे हथियार ड्रोन आदि बनाए जाएंगे। नए उद्योग लगाए जा रहे हैं। यह अलीगढ़ व आसपास के क्षेत्र को नई पहचान देगा।


उत्तर प्रदेश हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। यह तब होता है, जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है और जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ व उनकी टीम सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मंत्र लेकर प्रदेश को नई भूमिका के लिए तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उनको पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है, जिनको अभी तक इससे दूर रखा गया। उन्हें शिक्षा व सरकारी नौकरी में अवसर दिए जा रहे हैं। मुझे देखकर खुशी होती है, जिस उत्तर प्रदेश को देश के विकास में रुकावट के रूप में देखा जाता था। आज वहीं यूपी देश के विकास का नेतृत्व कर रहा है। 2017 से पहले गरीबों की हर योजना में यहां रोड़े अटकाए जाते थे। एक-एक योजना को लागू करने के लिए केन्द्र से दर्जनों बार चिट्ठी लिखी जाती थी। उत्तर प्रदेश के लोग भूल नहीं सकते, पहले यहां किस तरह के घोटाले होते थे।। किस तरह राजकाज को भ्रष्टाचारियों के हवाले कर दिया था। आज योगी आदित्यनाथ सरकार पूरी ईमानदारी से विकास में जुटी है। एक दौर था, जब यहां शासन प्रशासन गुंडे और माफिया की मनमानी से चलता था।

अब वसूली करने वाले माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं। सरकार में गरीब की सुनवाई भी है, गरीब का सम्मान भी है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन अभियान भी चल रहा है। यूपी में अब तक आठ करोड़ टीके लगे हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा टीके लगानाा भी यूपी के नाम है। कोरोना में कोई भूखा नहीं रहे, इसके लिए गरीबों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। जो काम दुनिया के बड़े बड़े देश नहीं कर पाए, वह भारत कर रहा है। हमारा यूपी कर रहा है।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया राजा महेन्द्र सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास

अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजा महेन्द्रप्रताप सिंह विश्वविद्यालय का बटन दबाकर शिलान्‍यास किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौज़ूद रहीं। विश्वविद्यालय पर बनाई गई फिल्म दिखाई गई। फिल्म में राजा महेन्द्रप्रताप के संक्षेप इतिहास के साथ ही शिक्षा के गुणवत्ता के बारे में भी बताया गया है। विश्वविद्यालय में डिफेंस से सम्बंधित पढ़ाई भी करायी जायेगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- पीएम मोदी का काम पूरे विश्व में मिसाल

उत्तर प्रदेश को नायाब तोहफा देने अलीगढ़ पहुंचे पीएम नरेन्द्र मोदी का सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंच पर अंगवस्त्र और स्मृति चिहिन् देकर स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी इस मौके पर सभी का अभिनंदन किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के स्वागत में अपने संबोधन की शुरुआत वृंदावन बिहारी लाल की जयकारे से शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यहां आए भारी संख्या में लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। आज राधा अष्टमी है। यह ब्रज का खास त्योहार है। आज देश के सबसे बड़े नेता पीएम मोदी आशीर्वाद देने के लिए ब्रज क्षेत्र में आएं है। हम सभी उनका आभार व्यक्त करते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना से परेशान है। इस समय में देश को जीवन व अन्य काम को सुचारू रखने का कार्य हो रहा है।


इस मौके पर जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश राणा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, सांसद हाथरस राजवीर दिलेर, विधायक खैर अनूप प्रधान, विधायक छर्रा ठाकुर रवेन्द्रपाल सिंह, विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक अलीगढ़ संजीव राजा, विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी, स्नातक एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद एटा राजवीर सिंह, एमएलसी ठा0 जयवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह समेत मण्डलायुक्त गौरव दयाल, डीआईजी दीपक कुमार, डीएम सेल्वा कुमारी जे., एसएसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ अंकित खण्डेलवाल एवं अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *