Dainik Athah

भाजपा युवा मोर्चा की जिला कमेटी को लेकर पार्टी में घमासान

– भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष के आदेशों को ताक पर रखकर घोषित हुई जिला कमेटी
– बगैर जिलाध्यक्ष के अनुमोदन के घोषित की गई युवा मोर्चा की जिला कमेटी
– जिलाध्यक्ष ने पूरी कमेटी को भंग करते हुए कार्यकारिणी को किया निरस्त
– भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने लखनऊ से घोषित कर दी कमेटी, जिला प्रभारी को भी नहीं लिया विश्वास में

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला कमेटी घोषणा के साथ ही विवादों में आ गई है। युवा मोर्चा अध्यक्ष के निर्देशों को भी कमेटी की घोषणा में ताक पर रख दिया गया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने पूरी कमेटी को भंग करते हुए घोषित की गई कार्यकारिणी को निरस्त कर दिया है।
बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने 27 अगस्त को गाजियाबाद जिलाध्यक्ष पद पर लोनी के हिमांशु शर्मा का नाम घोषित किया था। एक सप्ताह की गहमागहमी के बाद हिमांशु शर्मा ने बगैर भाजपा जिलाध्यक्ष की सहमति के खुद ही जिला कमेटी की घोषणा कर दी। जबकि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने 31 अगस्त को प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष भाजयुमो को पत्र भेजकर कहा था कि कमेटी की घोषणा कैसे होगी। उन्होंने कहा था कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष अपनी जिला कार्यकारिणी तैयार कर जिलाध्यक्ष भाजपा से अनुमोदन एवं प्रदेश प्रवासी पदाधिकारी से चर्चा के बाद ही घोषित करें। लेकिन उन्होंने खुद ही कार्यकारिणी तैयार करवाकर प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि से हस्ताक्षर करवाकर घोषित कर दी।


पार्टी के निर्देशों के विपरीत कमेटी घोषित करने पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल ने जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया से बात करने के बाद युवा मोर्चा की पूरी जिला कार्यकारिणी को अवैध बताते हुए कहा कि बगैर जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी की संस्तुति के घोषित की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी निरस्त करने के साथ ही पूरी कमेटी को भंग किया जाता है। इस संबंध में पूछे जाने पर जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया ने भी कहा कि जो कुछ युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने किया वह उचित नहीं है। इस संबंध में कार्यवाही का अधिकार जिलाध्यक्ष भाजपा को है।


– हिमांशु की उम्र पर को लेकर भी उठे सवाल, हुई शिकायत
सूत्रों के अनुसार भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने अपनी उम्र 32 वर्ष बताई है। जबकि इस संबंध में जिलाध्यक्ष भाजपा से शिकायत कर कहा गया है कि उनकी उम्र 39 वर्ष है। इसको लेकर भी पार्टी गंभीर है।


– जाति एवं निवास स्थान बदलकर महानगर के युवक को किया कमेटी में शामिल
भाजपा सूत्रों के अनुसार हिमांशु शर्मा ने मोदीनगर के चिराग कौशिक को जिला कमेटी में जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया है। जबकि उसका असली नाम चिराग त्यागी है तथा वह मुरादनगर के गांव खिमावमी का रहने वाला है। इतना ही नहीं ब्लाक प्रमुख चुनाव में चिराग त्यागी पर पार्टी विरोधी काम करने का आरोप लगा था। आरोप था कि भाजपा प्रत्याशी राजीव त्यागी के समर्थक एक बीडीसी सदस्य को वह उठाकर ले गया था।


– प्रदेश स्तर पर पहुंचा गाजियाबाद का विवाद
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष द्वारा कमेटी की घोषणा करने के बाद उत्पन्न विवाद अब पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के पास पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व की हरी झंडी के बाद ही पूरी कमेटी को भंग किया गया है।


– हिमांशु शर्मा ने डाला लखनऊ में डेरा
सूत्रों के अनुसार हिमांशु शर्मा ने दो दिन से लखनऊ में डेरा डाला हुआ है। सूत्र बताते हैं कि हिमांशु ने युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास में ले लिया है। युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यालय के सूत्र बताते हैं कि युवा मोर्चा अध्यक्ष, हिमांशु के पक्ष में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *