Dainik Athah

बारिश में गिरे पेड़ों को नगर निगम ने हटाया

नगर निगम क्षेत्र में भारी बारिश से गिर गए थे करीब एक दर्जन वृक्ष

अथाह संवाददाता

गाजियाबाद। भीषण वर्षा के दौरान शहर में विभिन्न मार्गों पर पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित हुआ तथा कई स्थानों पर आवागमन में शहर वासियों को कठिनाई हो रही थी। जिसको देखते हुए शहरवासियों की सुविधाओं हेतु गाजियाबाद नगर निगम ने रास्तों से पेड़ों को हटाने का जिम्मा उठाया और रास्ता साफ करने का कार्य शुरू किया।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर के निर्देशानुसार उद्यान विभाग टीम द्वारा वर्षा के दौरान अपने अपने जोनों में सड़कों पर पूरी तरह से नजर बनाए रखी। पेड़ गिरने के साथ ही तत्काल मशीनरी द्वारा काटकर रास्तों से हटाया गया, ताकि आवागमन में शहर वासियों को सुविधा रहे। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह द्वारा बताया कि महापौर आशा शर्मा के निर्देश के क्रम में वर्षा की शुरुआत से ही टीम को जोन वाइज बांट दिया गया था। ताकि किसी भी दुर्घटना से पूर्व टीम वहां उपस्थित रहे और प्राकृतिक रूप से गिरने वाले वृक्षों को साथ के साथ ही मार्गो से हटाया जा सके। इसी के अनुरूप उद्यान विभाग के समस्त मालियों द्वारा अपना कार्य बहुत ही जिम्मेदारी के साथ निभाया गया। पेड़ों को शहर के विभिन्न मार्गों से हटाया गया तथा उनको समय से ही ट्रैक्टर में डाल कर उचित स्थान पर भेजा गया।


कवि नगर जोन के अंतर्गत 8 से 10 वृक्ष संजय नगर, कवि नगर, शास्त्री नगर के मुख्य मार्गों पर गिरे जिन को तत्काल प्रभाव से हटाया गया। मोहन नगर जोन के अंतर्गत राजेंद्र नगर, श्याम पार्क से मार्गों को पेड़ हटाकर खाली किया गया। सिटी जोन के अंतर्गत लोहिया नगर में पानी की टंकी कंपाउंड तथा गुरु नानक स्कूल वाले रास्ते से पेड़ों को हटाया गया। विजय नगर जोन में वार्ड संख्या-58 सेक्टर 9, वार्ड संख्या-25 सेक्टर-9 एफ ब्लॉक से पेड़ों को हटाकर मार्ग साफ किया गया। इसी प्रकार वसुंधरा जोन में सूर्य नगर वसुंधरा सेक्टर-15 व 1 में गिरे पेड़ों को तत्काल उद्यान विभाग टीम द्वारा हटाकर शहर वासियों को आने जाने में सुविधा दिलाई गईl

नगर निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने न केवल सहयोग किया बल्कि उनकी प्रशंसा भी की। आपको बता दें कि भीषण वर्षा के दौरान नगर निगम के समस्त अधिकारियों सहित महापौर आशा शर्मा तथा नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा भी शहर का लगातार जायजा लिया गया। स्थानीय पार्षदों के सहयोग से शहर में जल निकासी हेतु पंप लगाने, नाला सफाई हेतु जेसीबी लगाने, तथा पेड़ रास्तों से हटाने हेतु मालियों की टीम लगाने का कार्य कराया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *