Dainik Athah

सौ में 60 हमारा, बाकि 40 में बंटवारा: बीएल वर्मा

– विपक्ष ने ओबीसी एससी हितों का दिया धोखा, मोदी सरकार ने दिया सही हक : बीएल वर्मा
– भाजपा को विधानसभा चुनाव में मिलेगा 325 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत
– जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कहा सौ में 60 हमारा, बाकि 40 में बंटवारा। उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा कुल मत प्रतिशत का 60 फीसद वोट हासिल कर दोबारा सरकार बनाएगी। 2017 में भाजपा को 51 फीसद वोट हासिल हुआ था वह भी तब जब बसपा और सपा मिलकर चुनाव लड़ रहे थे इस बार दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावना नहीं है। ऐसे में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। 2017 में भाजपा को मिले 51 फीसद वोटों को 60 फीसद में बदलने के साथ ही 325 सीटेें जीतकर भाजपा प्रचंड बहुमत से प्रदेश में सरकार बनायेगी।
जन आशीर्वाद यात्रा में गाजियाबाद पहुंचने के बाद बुधवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीएल वर्मा ने कहा कि ओबीसी, एससी, एसटी, महिलाओं के कल्याण के लिए विपक्षी दल सिर्फ बातें ही करते हैं जबकि मोदी सरकार करके दिखाती है। सात जुलाई को मोदी मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी और कई एससी, एसटी और महिलाओं को शामिल किया जाना इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जब भी नये मंत्री बनते हैं प्रधानमंत्री नये मंत्रियों का परिचय सदन में करवाते हैं। लेकिन इस बार मंत्रिमंडल विस्तार होने के बाद विपक्ष ने उन्हें परिचय भी नहीं करवाने दिया। ओबीसी, एससी, महिलाओं का मंत्री बनना विपक्ष को सहन नहीं हुआ तथा हंगामा कर दिया। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्णय लिया कि सभी मंत्री जनता का आशीर्वाद लेने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा पर जायेंगे। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट कर दिया है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस सामाजिक ताने-बाने को फिर से कायम करने का काम किया है। लोग अब अमन और चैन के साथ विकास की ओर बढ़ रहे हैं। जिलों के नाम बदलने पर उन्होंने कहा कि स्वाभिमान को फिर से हासिल करने के लिए अगर जिलों का नाम बदलना जरूरी हुआ तो सरकार ऐसा करेगी। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उन्हें जनता का भारी समर्थन हासिल हो रहा है। हर समाज हर वर्ग के लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।


एक सवाल के जवाब में केंद्रीय राज्यमंत्री बी एल वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ही ओबीसी वर्ग का ध्यान रखती है। मोदी सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया, मेडिकल और नीट परीक्षाओं में ओबीसी आरक्षण लागू किया। अब कई ओबीसी जातियों को एससी में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सामान्य वर्ग को वंचित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सभी वर्गों का ध्यान रख रही है। गरीब सवर्णों को आर्थिक आधार पर दस फीसद आरक्षण देने का काम भी मोदी सरकार ने ही किया है।
इस मौके पर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश में कितनी सीटें जीतेगी यह जनता खुद बता देगी। उन्होंने कहा कि नये बनें सभी मंत्री जनता का आशीर्वाद लेने के लिए निकले हैं जिन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। भाजपा विकास करती है। वह विकास भी सबको साथ लेकर चलती है। भाजपा सर्व स्पर्शी है हर वर्ग को सज्ञथ लेकर चलती है।
पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महापौर आशा शर्मा, नोएडा से सांसद डा. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक सुनील शर्मा, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अशोक मोंगा, पश्चिम उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, विजय मोहन, पूर्व महापौर आशु वर्मा, बलदेव राज शर्मा, यात्रा संयोजक केके शुक्ला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल, मुंशीलाल गौतम, एसपी सिंह, महामंत्री पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, गोपाल अग्रवाल, बॉबी त्यागी, प्रदीप चौधरी, जय कमल अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, संदीप त्यागी, नीरज गोयल ,धीरज शर्मा, अमित गोयल, अनुज गोयल समेत अन्य लोग उपस्थित थे। संचालन मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *