Dainik Athah

भाजपा का फिर बूथों पर फोकस, फिर से बनेंगे पन्ना प्रमुख : सुनील बंसल

भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बैठक का आयोजन
– बूथ विजय अभियान का शुभारंभ गाजियाबाद या गौतमबुद्धनगर से करेंगे जेपी नड्डा
– राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे बूथ अध्यक्षों से वर्चुअल संवाद

अथाह संवाददाता

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि 16 से 20 अगस्त तक विधानसभा क्षेत्रवार बैठकें होनी हैं। ये बैठकें विधानसभा क्षेत्रों के केंद्र पर की जानी हैं। इसी तरह 23 अगस्त की शाम चार बजे बूथ विजय अभियान का शुभारंभ होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद या गौतमबुद्ध नगर से शुभारंभ करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ अध्यक्षों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। बूथ विजय अभियान विधानसभा चुनाव तक तीन चरणों में चलेगा।

बंसल शुक्रवार को वसुंधरा स्थित एक बैंक्वेंट हॉल में भाजपा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त से सात सितंबर तक बूथ समितियों का सत्यापन किया जाना है। इसके साथ ही 10 से 20 सितंबर तक पन्ना प्रमुख बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसमें खास बात यह है कि भाजपा के मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि का वोटर लिस्ट में जिस पन्ने पर नाम होगा, वह वहां का पन्ना प्रमुख बनाया जाएगा। उन्होंने संगठन की ओर से बनाई गई पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था का हर हाल में पालन कराने का निर्देश दिया। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को मंडलवार पन्ना प्रमुखों की बैठक होगी। पन्ना प्रमुखों की बैठक के बाद मिस कॉल से नए सदस्य बनाए जाएंगे और पुराने सदस्यों से संपर्क करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से युवाओं, महिलाओं, किसानों, प्रबुद्ध वर्ग का सम्मेलन जिला मुख्यालय पर कराने की बात भी कही है। दिव्यांगों का सम्मेलन और रेहड़ी, पटरी वालों को मेला लगा कर पार्टी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पाए लाभार्थियों से जनसंपर्क का बृहद कार्यक्रम चलाया जाना है।

बैठक का शुभारंभ डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल व संचालन क्षेत्रीय महामंत्री डॉ विकास अग्रवाल एवं हरीश ठाकुर ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से पश्चिम क्षेत्र प्रभारी जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, केके शुक्ला, मयंक गोयल, क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी, अंकुर राणा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, जिला प्रभारी सतेंद्र शिशौदिया, मेरठ महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, मेरठ जिलाध्यक्ष अनुज राठी, हापुड़ जिलाध्यक्ष उमेश राणा, मुरादाबाद महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *