Dainik Athah

सपा- भाजपा के सत्ता में आने पर ब्राह्मण- दलितों पर बढ़ जाते हैं अत्याचार: सतीश चंद्र मिश्रा

बसपा की प्रबुद्ध विचार गोष्ठी में भाजपा- सपा पर बरसे बसपा राष्ट्रीय महासचिव
– ब्राह्मण- दलित एक हो जायें तो बसपा को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता
– पहले ब्राह्मणों को चोट दी गई, अब प्रलोभन देने का हो रहा काम

अथाह संवाददाता


गाजियाबाद। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण एवं दलित यदि एक हो जायें तो बसपा को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सपा- भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब- जब ये दल सत्ता में आते हैं तब तब ब्राह्मणों के साथ ही दलितों पर अत्याचार बढ़ जाते हैं। उन्होंने कानपुर के बिकरू कांड को लेकर भी भाजपा पर हमला किया तथा कहा कि इस कांड के बहाने 50 से ज्यादा ब्राह्मणों की हत्या कर दी गई।


सतीश चंद्र मिश्रा मंगलवार को हिंडन नदी के किनारे पर स्थित एक फार्म हाऊस में बसपा के बैनर तले आयोजित प्रबुद्ध विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी वर्गों के साथ भेदभाव हो रहा है। ब्राह्मण और दलित समाज के लोगों को भयभीत कर घरों में बैठाने का काम किया जा रहा है। वोट लेने के लिए भाजपा सरकार ने ब्राह्मणों को प्रलोभन देने का काम किया है, जबकि पहले उनको चोट दी गई। उन्होंने भाजपा को ब्राह्मणों का शोषण करने वाली पार्टी भी करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये जनता से ले लिए लेकिन कुछ भी कार्य अयोध्या में नहीं कराया।


बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने ब्राह्मण और दलितों को एक साथ मिलकर भाजपा सरकार उखाड़ फेंकने और बसपा को सत्ता में लाने का आह्वान किया। सपा को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जब सपा की सरकार आती है तो जनता को पता होता है कि अब प्रदेश में गुंडाराज रहेगा। सपा ने भी अपनी सरकार में ब्राह्मणों का उत्पीड़न किया है। सपा और भाजपा सरकार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन लगातार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चल रहा है , इस सम्मेलन की शुरूआत अयोध्या से की गई है।


इसके साथ ही मिश्रा ने कहा प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा ब्राह्मणों के उत्पीड़न का हाल यह है कि कभी भी किसी भी ब्राह्मणों को उठाकर गोली मार दी जाती है। उन्होंने कहा खुशी दुबे जो एक निर्दोष है उसे भी जेल में बंद कर रखा है वह भी एक विधवा ब्राह्मणी है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी को ब्राह्मणों की सबसे बड़ी हितेषी पार्टी बताते हुए कहा ब्राह्मणों को सम्मान अगर कोई दिला सकती है तो वह बहुजन समाज पार्टी है। पहले भी ब्राह्मणों ने बसपा पर विश्वास जताया था इस बार फिर बसपा सत्ता में आती है तो ब्राह्मणों को उनका अधिकार और न्याय जरूर मिलेगा।


इस मौके पर ब्राह्मण समाज की तरफ से भगवान परशुराम की मूर्ति, गदा भेंटकर एवं फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। उनके साथ ही पूर्व मंत्री नकुल दूबे का भी स्वागत किया गया। इससे पूर्व शंख ध्वनी कर भी सतीश चंद मिश्रा एवं नकुल दूबे का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोनी के अनिल शर्मा ने की तथा संचालन राज किशोर शर्मा ने किया। मंच पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक सुरेश बंसल, बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव हरि ओम शर्मा, बार अध्यक्ष मुनीष त्यागी, पतला चेयरमैन मनोज शर्मा, महेश शर्मा, अरुण त्यागी लोनी, कमल शर्मा सभासद लोनी, कृष्णा तिवारी, आशीष शुक्ला, बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव, कोर्डिनेटर सोहनवीर जाटव, सिकंदर यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे। इन सभी ने सतीश चंद्र मिश्रा का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *