Dainik Athah

41 साल बाद मेडल का सूखा खत्म, भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य

भारतीय टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराया
– भारतीय टीम को जीत पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने दी बधाई
पूरे देश में जश्न का माहौल

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल से मेडल के सूखे को खत्म करते हुए टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर पदक पर कब्जा किया। हॉकी टीम की इस जीत पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहगमंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
जर्मनी ने मैच के दूसरे ही मिनट में अपना खाता खोल लिया था। जर्मनी की तरफ से तिमूर ओरुज ने पहला गोल दागा। इसके साथ ही जर्मनी ने 1-0 की बढ़त ले ली थी। इसके बाद भारतीय टीम ने 17वें मिनट में वापसी की, जब सिमरनजीत सिंह ने जोरदार खेल दिखाते हुए जर्मन गोलकीपर को छकाया और गोल करने में सफल रहे। इस गोल के साथ ही दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर आ गई। 
दूसरे क्वार्टर में स्कोर बराबर
हालांकि, यह बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी और जर्मनी की तरफ से निकलास वेलेन ने 24वें मिनट में अपना पहला और टीम के लिए दूसरा गोल कर जर्मनी 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद जर्मनी ने एक मिनट के अंदर एक और गोल दागा और अपनी लीड को 3-1 कर दिया। उसकी तरफ से तीसरा गोल फुर्क बेनेडिक्ट ने 25वें मिनट में किया।
मैच के 27वें मिनट में भारत को पैनल्टी कॉर्नर मिला और हार्दिक सिंह ने उसे गोल में तब्दील कर जर्मनी की बढ़त को कम कर दिया। सिमरनजीत सिंह की ओर से लिए गए पैनल्टी कॉर्नर को जर्मनी के गोलकीपर ने रोका, लेकिन गेंद रिफ्लेक्ट हुई और हार्दिक ने उसे गोल पोस्ट में भेज दिया। इसी के साथ स्कोर 3-2 हो गया।
इसके बाद भारत ने और आक्रामक खेल दिखाया और मैच का तीसरा गोल कर दिया। इसी के साथ दोनों ही टीम 3-3 की बराबरी पर पहुंच गईं। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने से पहले 29वें मिनट में हरमनप्रीत ने यह शानदार गोल किया।


भारत ने तीसरे क्वार्टर में पलटा मैच
भारत ने तीसरे क्वार्टर में शानदार शुरुआत की। भारत को पैनल्टी स्ट्रोक मिला और रुपिंदर ने कोई गलती नहीं की। रुपिंदर ने गेंद को सीधा गोलपोस्ट में डाला और भारत को 4-3 की अहम और मजबूत बढ़त दिला दी। इसके बाद 34वें मिनट में सुमित के पास पर सिमरनजीत सिंह ने शानदार गोल दागा और भारत को 5-3 ये आगे कर कांस्य पदक के और करीब ले आए।
चौथे क्वार्टर में जर्मनी को रोकने में भारत कामयाब
चौथा क्वार्टर शुरू होने के साथ ही जर्मनी ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने की हर संभव कोशिश की। मैच के 48वें मिनट में जर्मनी को पैनल्टी कॉर्नर के रूप में मौका मिला और विंडफेडर ने उसे गोल में तब्दील कर दिया। इसी के साथ स्कोर 5-4 हो गया। 
इसके बाद भारत ने शानदार डिफेंस दिखाया और जर्मनी को गोल नहीं करने दिया। मैच आखिरी पलों में रोमांचक मोड़ तब आया, जब जर्मनी को एक और पैनल्टी कॉर्नर दिया गया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर श्रीजेश ने उसे बचाकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
पीएम मोदी ने हॉकी टीम को बधाई देते हुए ट्वीट कियीा, ‘ ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी भारतीय टीम को जीत की बधाई दी है। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। ये ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम को मिली एतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा, ‘प्रत्येक भारतीय के लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है कि हमारी पुरुष हॉकी टीम ने #Tokyo2020 में कांस्य पदक जीता है। आपने पूरे देश को गौरवान्वित कि किया है। ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा, भारतीय हॉकी टीम को बहुत बधाई जिन्होंने 135 करोड़ भारतीयों के चेहरे पर खुशी लाईं। 


ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इसे एतिहासिक जीत बताते हुए कहा, ’41 साल के लंबे समय के बाद हमें ओलंपिक पदक दिलाने के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। ये ऐतिहासिक जीत खिलाड़ियों की पीढ़ी को प्रेरित करेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *