Dainik Athah

एक ही दिन में भाजपाइयों के दिलों में जगह बना गये एके

– भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा हुए अनेक कार्यक्रमों में शामिल
– व्यापारियों के कार्यक्रम में हर वक्ता का खड़े होकर किया धन्यवाद
– भाजपा कार्यालय जाना नहीं भूले अरविंद कुमार शर्मा
– कार्यालय में चाय पर चर्चा के दौरान हर एक के लिए हालचाल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। सेवा निवृत्त आईएएस, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ ही विधान परिषद सदस्य अरविंद कुमार शर्मा ने गाजियाबाद के अपने पहले ही दौरे में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही सभी के दिलों पर छाप छोड़ दी। जिस प्रकार वे गाजियाबाद में पूरे दिन अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान वे पूर्वांचल के मतदााताओं को भी साध गये।


पूर्व नौकरशाह अरविंद कुमार शर्मा उत्तर प्रदेश भाजपा का चर्चित चेहरा है। कभी गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय में इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में उनकी तैनाती रही। भाजपा ने एक रणनीति के तहत ही उन्हें स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति दिलवाई। इसके बाद वे अचानक ही भाजपा में शामिल हो गये। इतना ही नहीं उन्हें विधान परिषद भी भेज दिया गया। लेकिन उनके उप्र की राजनीति में आने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दम चौकन्ने हो गये। उन्हें प्रदेश में उप मुख्यमंत्री बनाने की चर्चाएं थी। लेकिन अंत में उन्हें प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। गाजियाबाद के व्यापारियों के साथ ही समाजसेवी संगठन ने उन्हें गाजियाबाद आने का न्यौता दिया जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया।


रविवार को मोहननगर स्थित एक निजी कालेज के सभागार में उनका अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में भाजपा के ही तीन विधायकों सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुुर्जर के साथ ही महापौर आशा शर्मा, जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष दिनेश सिंघल, जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया के समेत पार्टी के प्रमुख चेहरे भी इस कार्यक्रम में रहे। कार्यक्रम में एके का सौम्य व्यवहार भी नजर आया। सभागार में एसी नहीं चल रहे थे। लोग पसीने से नहाये हुए थे। लेकिन एके के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। जो भी वक्ता उनकी शान में कसीदे पढ़ता उसका वे खड़े होकर अभिवादन भी करते रहे।
इतना ही नहीं कार्यक्रम के समापन के बाद अरविंद कुमार शर्मा एक कार्यकर्ता की भांति पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां पर दो विधायकों एवं जिला व महानगर के पदाधिकारियों के साथ ही उन्होंने परिचय किया। यहां से उनका पूरा काफिला भाजपा के व्यापारी नेता अशोक गोयल के निवास पर पहुंचा। अस्वस्थ्य चल रहे गोयल के उन्होंने हालचाल जाने। ब्यूरोक्रेट की कुर्सी से उतरकर राजनीति की पिच पर खेलने उतरे एके के व्यवहार की पार्टी कार्यालय में मौजूद पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ता भी सराहना करते देखे गये। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के तरह न उनके नखरे थे एवं न ही कोई कान की बात। हर कार्यकर्ता से वे प्यार से मिलते रहे।


इसके बाद उन्होंने फिर हिंडन पार का रूख किया। इस दौरान मोहननगर, वसुंधरा एवं इंदिरापुरम में वे कार्यक्रमों में शामिल हुए। बता दें कि साहिबाबाद विधानसभा में देश के हर कौने के लोग रहते हैं। लेकिन सबसे अधिक संख्या पूर्वांचल के लोगों की है। इन कार्यक्रमों के जरिये उन्होंने पूर्वांचल वालों को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर साधने का काम किया।
यदि सूत्रों की मानें तो अगले दो दिन अरविंद कुमार शर्मा का प्रवास गाजियाबाद, मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में है। इसके मायने क्या है यह तो आने वाले समय में पता चलेगा। लेकिन जिससे भी मिलते हैं सौम्य व्यवहार से। इससे वे पार्टी कार्यकर्ताओं पर भी छाप छोड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *