Dainik Athah

शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर महानगर अध्यक्ष ने की घोषणा

मुरादनगर ब्लाक से राजीव त्यागी भाजपा प्रत्याशी घोषित

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भाजपा ने मुरादनगर ब्लाक से राजीव त्यागी को ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इसकी पुष्टि महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने की।
बता दें कि भाजपा ने बुधवार को दोपहर तीन ब्लाक लोनी, भोजपुर एवं रजापुर ब्लाक में प्रत्याशियों के नामों को हरी झंडी दे दी थी। लेकिन मुरादनगर सीट से पार्टी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया था। यहां पर भाजपा के पुराने कार्यकर्ता राजीव त्यागी के नाम पर सभी एक मत थे एवं अकेला नाम ही पैनल में भेजा गया था। लेकिन बसपा से निष्कासित केडी त्यागी भाजपा में शामिल होने के लिए पिछले एक माह से प्रयासरत थे।

वे मंगलवार को भी छह घंटे भाजपा के गाजियाबाद कार्यालय में बैठे रहे। सूत्रों के अनुसार विधायक अजीत पाल त्यागी की विरोधी लॉबी केडी त्यागी के पक्ष में सक्रिय थे। इसी कारण प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया था एवं प्रत्याशी घोषित होने में समय लगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर राजीव त्यागी को मुरादनगर ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी घोषित किया गया है। पूरी पार्टी राजीव त्यागी के साथ है तथा उन्हें चुनाव लड़ाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *