Dainik Athah

कार्यकर्ताओं के घावों पर मल्हम लगाकर 2022 जीतने की कवायद

– कार्यकर्ताओं को सहेजना शुरू किया भाजपा ने
– बूथ अध्यक्ष, पार्षद से लेकर मंत्री तक के घर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
– सभी जन प्रतिनिधियों को भी दिये जा चुके हैं निर्देश कोरोना से मरने वालों के घर जायें

अशोक ओझा
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने 2022 का रण जीतने के लिए सधे कदमों से शुरूआत कर दी है। इसके तहत पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के साथ ही कोरोना संक्र्रमण से अपनी जान गंवा चुके पार्टी पदाधिकारियों से लेकर पार्षदों तक के परिवारों के घावों पर मल्हम लगाने का शुरू किया गया है। कोरोना काल में सभी जिलों में भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में संक्रमित होकर जान गंवा चुके हैं।


कोरोना संक्रमण की जिस समय रफ्तार तेज थी उस समय शायद ही किसी अस्पताल में बैड खाली था। इस दौरान बैड, दवाओं, ऑक्सीजन के लोग गिड़गिड़ा रहे थे। हालात ये थे कि प्रदेश के जिन जिलों के डीएम हालात को नहीं संभाल पाये वे या तो बीमारी के बहाने छुट्टी पर चले गये अथवा वास्तव में ही कोरोना संक्रमित हो गये। प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे अधिकारी भी थे जिनके सामने अपनी जान बचाना पहली प्राथमिकता थी। हालांकि इस दौरान लापरवाह अफसरों पर गाज भी गिरी। उस समय न कोई मंत्री की सुन रहा था न विधायक की। इन हालात में पार्टी पदाधिकारियों की क्या स्थिति रही होगी यह भली भांति समझा जा सकता है।


इसी बेरहम कोरोना के चलते भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी जान गंवाई। जिन हालातों में जान गई उसके चलते कार्यकर्ताओं के परिवारों में भी सरकार व संगठन के प्रति रोष होना स्वाभाविक है। इसी स्थिति को देखते हुए भाजपा नेतृत्वच ने सभी जन प्रतिनिधियों को निर्देश दिये हैं कि जिन कार्यकर्ताओं की कोरोना से मृत्यु हुई है उनके घरों पर जाकर दुख बांटने का काम करें। इसके साथ ही संगठन पदाधिकारियों को भी इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं।
अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने स्वयं ही यह काम शुरू किया है। सोमवार एवं मंगलवार को दो दिनों में उन्होंने रामपुर से लेकर मेरठ एवं बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली तक उन कार्यकर्ताओं के घरों पर दुख व्यक्त करने पहुंचे जिनकी कोरोना से मृत्यु हुई है। यह पहली बार हुआ कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में न कोई बैठक, न जन संपर्क केवल कार्यकर्ताओं के घरों पर जाना था। इनमें पार्षद, सभासद, मंत्री, जिला व मंडल पदाधिकारियों के साथ ही बूथ अध्यक्ष तक के घर प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे।


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने एक कार्यकर्ता के घर पहुंचकर आसपास के सभी कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने का काम किया कि भाजपा एक परिवार है तथा पार्टी हर सुख दुख में अपने कार्यकर्ताओं के साथ है। भाजपा सूत्रों के अनुसार इस संदेश के बाद कार्यकर्ताओं में अवश्य स्फूर्ति का संचार होगा। लेकिन संचार कितना होगा यह तो आने वाला समय ही बतायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *