Dainik Athah

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे गाजियाबाद: कार्यकर्ताओं को दिया पंचायत चुनाव में जीत का मंत्र

पार्टी कार्यालय में चुनाव संचालन समिति एवं वार्ड प्रभारियों के साथ की अलग अलग बैठकें

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों को चुनाव में जीत का मंत्र दिया। उन्होंने बताया कि चुनाव को किस प्रकार लड़ना है एवं जीतना है।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह निर्धारित समय से पूर्व ही भाजपा के नेहरू अपार्टमेंट स्थित पार्टी कार्यालय पहुंच गये थे। यहां पर भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सबसे पहले चुनाव संचालन समिति की बैठक करने के बाद वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिला पंचायत की सभी सीटों की एक एक कर जानकारी प्राप्त की एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये कि वे कम समय में कैसे अधिक से अधिक लोगों तक संपर्क करें तथा कार्यकर्ताओं को किन किन क्षेत्रों में भेजना है।
स्वतंत्र देव सिंह ने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से चुनाव में काम कर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनायें। इसके साथ ही उन्होंने सामने आ रही परेशानियों के संबंध में भी पूछा। जिस कार्यकर्ता ने बताया कि उन्हें यह परेशानी है उसके निराकरण का जिम्मा जिला व महानगर अध्यक्षों पर छोड़ दिया।

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, गोपाल गुप्ता, राजेश त्यागी, उपाध्यक्ष बोबी त्यागी, जिला महामंत्री जितेंद्र चितौड़ा, मंत्री का दर्जा प्राप्त बलदेव राज शर्मा, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, पुष्पेंद्र रावत, जीडीए बोर्ड सदस्य चंद्र मोहन शर्मा, अश्वनी शर्मा, जिला मंत्री संजीव चौधरी, भाजयुमो अध्यक्ष सुनील निठोरा, महानगर भाजयुमो अध्यक्ष गौरव चौपड़ा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पंचायत चुनावों को लेकर क्षेत्रीय संगठन मंत्री व क्षेत्रीय अध्यक्ष से की मंत्रणा

भाजपा प्रदेश स्वतंत्र देव सिंह जब कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे उसी समय क्षेत्री संगठन मंत्री करमवीर सिंह एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी पहुंच गये। इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह ने करीब आधा घंटा दोनों से गाजियाबाद समेत पश्मिची उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर गहन मंत्रणा की।

कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से कहा गौरव की मदद करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी के पैसे से मजबूत कई कार्यकर्ताओं को जाते जाते इशारा कर दिया कि वे जिला पंचायत चुनाव लड़ रहे गौरव की मदद करें। सूत्रों के अनुसार मऊ निवासी गौरव को प्रदेश अध्यक्ष ने खुद टिकट दिया है। उनका सीधा इशारा गौरव की मदद करने का था। इस मामले में पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी ने तो कह भी दिया वह तो आपका टिकट है सभी को पता है। वहीं, पुष्पेंद्र रावत ने कहा कि वे गौरव की मदद करेंगे।

जिला पंचायत के छह- आठ वार्ड रहेंगे खाली

बैठक में मौजूद सूत्रों की मानें तो मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले जिला पंचायत के वार्ड छह एवं आठ खाली रखे जायेंगे। बता दें कि वार्ड छह से पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की पुत्र वधु रश्मि त्यागी इसी वार्ड से चुनाव मैदान में है। जबकि उनके पौत्र मोहित त्यागी वार्ड आठ से मैदान में है। इन दोनों सीटों पर भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *