प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटय मंचन के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटय मंचन के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। मोदी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतिबिंब है, मोदी के 25 साल सेवा की अनकही कहानी रंगमंच पर दिखेगी। उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ का भव्य नाट्य मंचन होगा।
ब्रजेश पाठक ने प्रेस वार्ता में बताया कि भारतीय जनता पार्टी का सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है, जिसमें कला और नाट्य मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
पाठक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के तहत विशेष नाट्य मंचनों के आयोजन के क्रम में उत्तर प्रदेश में भी विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। प्रदेश में हजारों स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। मोदी ने अनेकों ऐसे कार्य किए हैं जिसने देश और देशवासियों का जीवन बदल दिया, लेकिन कुछ ऐसे कार्य हैं जो बड़े तो हैं पर उनका ज्यादा उल्लेख नहीं हुआ। ऐसी सभी अनकही कहानियों को नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन के माध्यम से व्यक्त किया जाएगा।
पाठक ने बताया कि नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण के लिए किए गए प्रयासों तथा सुशासन के माध्यम से देश में आए व्यापक बदलावों को जीवंत और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
पाठक ने बताया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुँचाया जा सके। कुशल कलाकार अपने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से उन प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे, जिनमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना दिखाई देती है। इस व्यापक अभियान के अंतर्गत राज्यभर में पर 403 से अधिक नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संवाद स्थापित किया जाएगा। विभिन्न सामाजिक संगठन प्रदेश भर में अलग अलग स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और नाटय मंचन करेंगे।
