Dainik Athah

2027 के मद्देनजर मेरठ की क्रांतिधरा से जेन जी को साधेंगे नितिन नबीन

भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर

मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं बूथ अध्यक्षों की बैठक में करेंगे समीक्षा

सहारनपुर में भी करेंगे भाजपा कार्यकर्ताओं संग बैठक


अथाह संवाददाता
मेरठ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को मेरठ पहुंचेंगे। वे मेरठ के साथ ही सहारनपुर में भी बैठकों एवं कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। मेरठ की क्रांति धरा से नितिन नबीन युवाओं अर्थात जेन जी को साधने का काम भी करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन मेरठ में 21 सितंबर सोमवार को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में आयोजित होने वाले युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से मुखातिब होंगे। इसके साथ ही वे यहीं पर भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं मंडल अध्यक्षों से सीधा संवाद कर बूथ प्रबंधन की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्र देंगे। वे मेरठ में पांच और अगले दिन सहारनपुर में तीन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में जुटी भाजपा के लिए हर चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संजीवनी देने का काम करता है। भाजपा यहीं से जीत सुनिश्चित करते हुए आगे बढ़ती है। नितिन नबीन के दौरे के मद्देनजर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ ही प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम के प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान ने मेरठ में डेरा डाल दिया है। दोनों नेताओं ने शुक्रवार को मेरठ में राष्टÑीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक निर्देश भी दिये।
नितिन नबीन के दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी रहेंगे। इसके साथ ही संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं राष्टÑीय महामंत्री विनोद तावड़े भी रह सकते हैं।

क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा को सर्व व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी


भाजपा ने राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे के लिए क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा को सर्व व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है। मोंगा दो बार पहले भी पश्चिम के महामंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें राजस्थान, पंजाब, बिहार, पश्चिमी बंगाल के साथ ही उत्तर प्रदेश में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपती रही है।
बाक्स

मुख्यमंत्री योगी रहेंगे तीन दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार से तीन दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे रविवार को गौतमबुद्धनगर के गौतमबुद्ध विश्व विद्यालय में दो दिवसीय प्रेरणा विमर्श के समापन सत्र में भाग लेंगे। इसके साथ ही वे दो दिन तक भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ मेरठ एवं सहारनपुर के दौरे पर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *