अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा में निषाद को विषाद के सिवा कुछ नहीं मिलेगा। भाजपा का राज सत्ता सजातीयों के दंभ, घमंड, अहंकार का आपराधिक त्रिगुट है। भाजपा राज अत्याचार, अन्याय, अहंकार का पर्यायवाची बन गया है, इसके निशाने पर पीडीए है। उत्तर प्रदेश में अपराध और अराजकता चरम पर है। गोंडा में समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो। अगर कहीं कोई भी धर्म-न्याय में विश्वास करने वाला है तो इस क्रूर हत्या का संज्ञान ले अन्यथा पीडीए समाज मिलजुलकर अपनी लड़ाई खुद लड़ लेगा।
यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने कुकर्मों में संलिप्त होने के लिए पुलिस को बाध्य करके केवल पुलिस की शक्ति और प्रभाव को ही कम नहीं किया है बल्कि झूठे मुकदमों और एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर, हर तरह से पुलिस को भ्रष्ट भी कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग समझते हैं कि सत्ता के साथ रहकर उनकी इज्जत और रुतबा बढ़ता है, वो भी अब समझ गये हैं कि भाजपा में दिखावे का पद तो मिल सकता है पर सम्मान नहीं। भाजपाई वर्चस्ववादी अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए किसी की हत्या भी कर सकते है। किसी को भी जमीन पर बैठने को मजबूर कर सकते हैं। भाजपा सरकार में पीड़ा बढ़ रही है, इसीलिए पीडीए बढ़ रहा है और पीडीए की एकता भी।
