Dainik Athah

समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकतार्ओं को भाजपा से सावधान रहना है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस करने पर उतारू है। भाजपा राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह है। भाजपा नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है। समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकतार्ओं को भाजपा से सावधान रहना है।


बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नेताओं-कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा ने लोक नायक जयप्रकाश नारायण जी को धोखा दिया है। समाजवादी सरकार में बनायी गयी सिग्नेचर बिल्डिंग, जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेन्टर को बेच दिया। भाजपा ने जेपी नाम पर बनी बिल्डिंग को क्यों बेचा?
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। भाजपा ने समाजवादी सरकार में बनायी गयी कई सरकारी चीजों को बेच दिया। प्लासियो मॉल, किसान बाजार, कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट समेत कई चीजें बेच दी। समाजवादी पार्टी सरकार में प्रदेश में जो विकास हुआ है उसे भाजपा सरकार ने बर्बाद करना चाहती है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोई काम नहीं किया। दस साल की सरकार में भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार और बजट की लूट के सिवा कोई काम नहीं किया। भाजपा सरकार में बने हाई-वे और एक्सप्रेस-वे में भारी भ्रष्टाचार हुआ। जल जीवन मिशन में पानी की टंकियां लगातार टूट रही है। पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार का भार नहीं सहन कर पा रही है। प्रदेश में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट है। चिकित्सा-स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों में मरीजों को सीजनल और संक्रामक बीमारियों का भी इलाज नहीं मिल पा रहा है।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कोई काम नहीं करती है। विरोधी दलों विशेष तौर पर समाजवादी पार्टी पर अनर्गल आरोप लगाकर बदनाम करने की साजिश करती है। जनता को गुमराह करती है। उन्होंने कार्यकतार्ओं से कहा कि जनता के बीच रहना है। व्यवहार और भाषा में शिष्टाचार होना चाहिए। जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है। 2027 में चुनाव जीतना ही है। जनता को भाजपा के कुशासन से छुटकारा मिलेगा। इसीलिए भाजपा समाजवादी पार्टी और पीडीए से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान, नौजवान, मजदूर विरोधी है। भाजपा ने हर वर्ग को ठगा है। महंगाई बढ़ाकर जनता की जेब काट ली। पेट्रोल में इथेनाल की मिलावट कर गाड़ियों का इंजन खराब कर दिया। लोगों को भारी नुकसान हुआ है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में किसानों के लिए फैसले किए जाएंगे। 24 घंटे में गन्ना किसानों को गन्ने का भुगतान होगा। किसानों को समय पर खाद-बीज, पानी मिलेगा। किसानों को सुविधाएं दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *